सुशांत गोल्फ सिटी में किराये के फ्लैट में युवक का शव फंदे से लटका मिला

लखनऊ । थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित रिश्ता मैनहैटन सोसाइटी में रविवार शाम एक युवक का शव किराये के फ्लैट में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 01 फरवरी 2026 को शाम करीब छह बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रिश्ता मैनहैटन सोसाइटी के टावर ए-2 स्थित फ्लैट संख्या 407 में किराये पर रहने वाला व्यक्ति काफी देर से दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान मालिक और सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए फ्लैट का दरवाजा खोला गया।फ्लैट के अंदर किराये पर रहने वाले शुभम त्रिपाठी पुत्र राजेश सिंह, उम्र करीब 30 वर्ष, का शव छत में लगे पंखे से चादर के सहारे बने फंदे से लटका हुआ पाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने अपने फ्लैट में ही फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर निरीक्षण एवं आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कराई गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मौके पर पहुंचे मृतक के चचेरे भाई संतोष कुमार त्रिपाठी, निवासी गोमतीनगर विस्तार, से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम त्रिपाठी मूल रूप से ग्राम घोरीपुर बिरवा, थाना सादुलनगर, जनपद बलरामपुर का निवासी था। वह लखनऊ में किराये पर रहकर इंटीरियर का कार्य करता था और अविवाहित था।पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *