newsTrending Storiesताजा खबरे

सावन में रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग सहित दक्षिण दर्शन कराएगा IRCTC, 11 अगस्त को शुरू होगी 6 रात और 7 दिन की यात्रा

सावन माह में भगवान शिव की आराधना करने के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) तीर्थयात्रियों को रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगा। आइआरसीटीसी ने गुरुवार को दिव्य दक्षिण दर्शन हवाई टूर पैकेज लांच किया है। यह छह रात व सात दिन की यात्रा 11 अगस्त से आरंभ होगी। इस यात्रा में मुख्य रूप से मदुरै, रामेश्वरम, कन्याकुमारी एवं तिरुवनंतपुरम का भ्रमण कराया जाएगा।

आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि श्रद्धालुओं को भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं पूजन का अवसर प्राप्त होगा। सावन माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व होने के कारण यह पैकेज शिव भक्तों के लिए आस्था एवं पर्यटन का अद्वितीय संगम है।

फ्लाइट से होगी आने-जाने की व्यवस्था

टूर में यात्रियों को लखनऊ से मदुरै एवं तिरुवनंतपुरम से लखनऊ आने-जाने की व्यवस्था फ्लाइट से होगी। खाने-पीने एवं ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा होटल में की जाएगी। यात्रा के दौरान थिरुमलाई नायक महल, मीनाक्षी अम्मन मंदिर, पझमुदिरचोलै मंदिर, धनुषकोडी, श्री रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग मंदिर, डा. एपीजे अब्दुल कलाम स्मारक, सनसेट प्वाइंट , विवेकानन्द राक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर प्रतिमा, कुमारी अम्मन मंदिर, महात्मा गांधी स्मारक, सुचिन्द्रम मंदिर, पद्मनाभस्वामी मंदिर एवं वैक्स संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा।

दो व्यक्तियों की एक साथ बुकिंग पर प्रति यात्री 64,900 रुपये और तीन व्यक्तियों की एक साथ बुकिंग पर 61,600 रुपये प्रति यात्री शुल्क होगा। इसकी बुकिंग गोमतीनगर पर्यटन भवन स्थित आइआरसीटीसी कार्यालय, वेबसाइट www.irctctourism.com और हेल्पलाइन नंबर 8287930911 व 8287930902 पर भी की जा सकती है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button