उत्तर प्रदेशचुनावताजा खबरेबड़ी खबरराजनीति

‘सीएम योगी ने यूपी को संभाला है, कांग्रेस-सपा ने प्रदेश को लूटने का कार्य किया’; लखनऊ में बोले चिराग पासवान

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सीएम योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। चिराग पासवान ने इससे पहले लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लिया। बैठक में चिराग ने प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद ‘पंचायत आजतक’ कार्यक्रम में पहुंचे चिराग ने सीएम योगी के पक्ष में खुलकर बोला। साथ ही, उनके निशाने पर विपक्षी गठबंधन के दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस रहे। चिराग ने कहा कि जिस प्रकार बिहार में राजद ने प्रदेश को लूटने का कार्य किया। उसी प्रकार यूपी में विभिन्न कालखंड में सत्ता में आई कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इस प्रदेश को लूटने का कार्य किया।

‘सीएम योगी ने किया काम’

चिराग पासवान ने सीएम योगी के कामकाज और चुनौतियों के संबंध में कहा कि अपनी सीमाओं में रहते हुए जितना मौजूदा मुख्यमंत्री से हुआ, उन्होंने किया है। सीएम योगी उत्तर प्रदेश को एक ऐसे दौर से निकालकर लाए हैं, जहां विकास को लेकर चर्चा ही नहीं होती थी। मैं यह मानता हूं कि उत्तर प्रदेश-बिहार में अलग-अलग कालखंड में राजनीतिक दलों ने अपने स्वार्थ के लिए हमारे राज्यों को लूटने का काम किया। भले वह राजद जैसे दल बिहार में रहे हों, या यहां पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी जैसे दल रहे हों, उन्होंने प्रदेश को खाई में ही धकेला। इस खाई से राज्य को निकलना, यह अपने में एक बहुत बड़ा चैलेंज रहा था।

चिराग पासवान ने कहा कि मुझे लगता है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन परिस्थितियों को काफी हद तक संभालने का काम किया है। हालांकि, अभी भी हमें एक लंबा रास्ता तय करना है। मैं मानता हूं कि हम लोग साथ मिलकर उस विकसित राज्य का निर्माण जरूर कर पाएंगे, जो विकसित भारत में अपना योगदान देगा।

राज्यों में चुनाव लड़ने की चर्चा

चिराग पासवान ने कार्यक्रम में कहा कि हम उत्तर प्रदेश ही नहीं, उत्तराखंड, पंजाब चुनाव की भी तैयारी कर रहे हैं। मैं 19 जुलाई को पंजाब जा रहा हूं। वहां स्वर्ण मंदिर में मत्था टेककर प्रदेश में चुनावी अभियान की शुरुआत करूंगा। उन्होंने कहा कि हम भारत के उस हर राज्य में जाने की तैयारी कर रहे हैं, जहां मेरे नेता रामविलास पासवान जी को मानने वाले, उनके विचारों पर चलने वाले लोग हैं। पिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पापा को गए 6 साल हो गए, इसके बाद भी लोग इतनी मजबूती से उनको याद करते हैं। उन पर विश्वास रखते हैं। ऐसे में मैं मानता हूं कि मेरा उत्तरदायित्व एक पुत्र होने के नाते और उनकी इस लिगेसी को आगे लेकर चलने की है।

पीडीए पॉलिटिक्स पर कसा तंज

चिराग पासवान ने समाजवादी पार्टी की पीडीए पॉलिटिक्स पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम क्यों नहीं उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनता को एक साथ जोड़कर देखते हैं। हमें क्यों उनको पिछड़ा-अगरा करके देखते जरूरत है। जब मैं ‘बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट’ की बात करता हूं तो मैं 14 करोड़ बिहारी की बात करता हूं। यूपी में मैं जब बात करता हूं तो यहां के हर एक व्यक्ति की बात करता हूं। उन्होंने कहा कि जातियों में बांटकर आप समाज-प्रदेश का भला नहीं कर सकते। अगर आप सत्ता में आते हैं तो किसी एक जाति या समाज के प्रतिनिध बनकर नहीं आते। आपको पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी मिलती है।

चिराग पासवान ने कहा कि मेरा मानना है कि प्रदेश के हर व्यक्ति को एक समान अवसर मिले। उनका जीवन स्तर सुधरे। उनकी आय में वृद्धि हो। हम हर वर्ग को साथ लेकर चलने की राजनीति लेकर प्रदेश में आए हैं।

वीमन रिजर्वेशन बिल पर भी बोले

चिराग पासवान ने आगामी संसद सत्र में लटके मु्द्दों के समाधान पर भी बात की। दरअसल, पिछले सत्र के दौरान वीमन रिजर्वेशन बिल संख्या बल के कारण पास नहीं हो सका था। अब एनडीए का कुनबा बढ़ा है। ऐसे में महिला आरक्षण जैसे बिल के पास होने की उम्मीद बढ़ी है। इस पर चिराग ने कहा कि समाजवादी पार्टी-कांग्रेस जैसे दलों ने पिछली बार फॉल्स नेगेटिव सेट किया। वे आरोप लगाते रहे कि इसकी आड़ में यह करना चाहते हैं, इसकी आड़ में वह करना चाहते हैं। महिला आरक्षण की आड़ में डीलिमिटेशन करना चाहते हैं। डीलिमिटेशन आज नहीं तो कल, आपको करना ही है। ऐसे में जब हम लोग आपकी सोच के आधार पर डीलिमिटेशन हम लोग करने की सोच रहे थे। इसके बाद भी विरोध किया।

चिराग ने कहा कि वर्तमान स्थिति में भी अगर महिला आरक्षण बिल लाया जाता तो कांग्रेस-सपा उसका विरोध करती। ये महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देना ही नहीं चाहते। महिलाओं के 33 फीसदी आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में तो अभी भी यह बना हुआ है। हमारे पांच से दो सांसद महिला हैं। सोचना विपक्ष को है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लटके मामलों का समाधान जल्द निकलेगा।

Like us share us

Related Articles

Back to top button