
गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दिसंबर में झारखंड आ सकते हैं। कांग्रेस गठबंधन के एसआइआर समेत कई मुद्दों पर फैलाए नैरेटिव को काटने के लिए भाजपा लोकतंत्र बताओ अराजकता हटाओ पदयात्रा चला रही है।
पहले चरण की पदयात्रा समाप्त हो चुकी है। दिसंबर में इसका दूसरा चरण संताल परगना और धनबाद में होना है। इसमें शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व से बड़े नेताओं का कार्यक्रम मांगा है। गृहमंत्री अमित शाह धनबाद और नितिन नवीन देवघर की पदयात्रा में शामिल हो सकते हैं।
झारखंड में एसआईआर और एमएमडीआर (खनिज संशोधन विधेयक) के मुद्दे पर झामुमो गठबंधन ने दो दिनों का विधानसभा की विशेष सत्र बुलाकर भाजपा के सामने राजनीतिक चुनौती रखी है। इससे निपटने के लिए दो बड़े नेताओं को झारखंड में लाकर भाजपा लोगों के बीच दृढ़ता से अपनी बात रखेगी। भाजपा नेता 14 दिसंबर से पहले दूसरे चरण की पदयात्रा करने की योजना बना रहे हैं।
संविधान गौरव दिवस पर भी भाजपा कांग्रेस आमने-सामने
26 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी संविधान गौरव दिवस मना रही है। कांग्रेस भी इस अवसर पर कार्यक्रम कर रही है। झारखंड में पिछले लोकसभा चुनाव के समय से ही कांग्रेस और भाजपा संविधान की रक्षा के मुद्दे पर आमने सामने हैं।
दोनों एक दूसरे पर संविधान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा रहे हैं। गुरुवार को राज्यभर में भाजपा और कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद यह बहस तेज होने की उम्मीद है।



