
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टेक्सटाइल एक्सपो ‘भारत टेक्स 2026’ में उत्तर प्रदेश ने देश के सबसे आकर्षक टेक्सटाइल और गार्मेंट मैन्युफैक्चरिंग केंद्र के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष ‘उत्तर प्रदेश राज्य सत्र’ में राज्य के वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान और वरिष्ठ अधिकारियों ने देश-विदेश के निवेशकों के समक्ष यूपी की निवेश-अनुकूल नीतियों, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और तेजी से विकसित होते औद्योगिक इकोसिस्टम की भव्य तस्वीर पेश की।
उत्तर प्रदेश सरकार के हथकरघा, वस्त्र एवं खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सत्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश अपनी समृद्ध पारंपरिक हथकरघा विरासत को आधुनिक तकनीक और ‘टेक्निकल टेक्सटाइल्स’ से जोड़ रहा है। राज्य सरकार नीतिगत सुधारों और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के माध्यम से पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन में नया निवेश आकर्षित कर रही है।

4 कंपनियों को ₹5.17 करोड़ की वित्तीय सब्सिडी हस्तांतरित
राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए ‘उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग नीति-2022’ के तहत चार प्रमुख टेक्सटाइल इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन राशि वितरित की।
- के.डी. प्रिंट्स प्राइवेट लिमिटेड (मेरठ): ₹2.37 करोड़
- जी.ओ. पॉलिमर्स प्राइवेट लिमिटेड (मुरादाबाद): ₹1.26 करोड़
- पैट्रोनस अपैरल्स प्राइवेट लिमिटेड (बुलंदशहर): ₹80 लाख
- विनटेक्स इंडस्ट्रीज (बुलंदशहर): ₹74 लाख
इस वित्तीय सहायता से इन औद्योगिक इकाइयों के उत्पादन विस्तार, मशीनों के तकनीकी उन्नयन (Technical Upgradation) और स्थानीय स्तर पर हजारों नए रोजगारों के सृजन को सीधा बल मिलेगा।
4 नए मेगा निवेशकों को जारी हुआ ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ (LoC)
नया निवेश धरातल पर उतारने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को त्वरित बनाने के लिए चार बड़ी कंपनियों को आधिकारिक रूप से ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ (LoC) प्रदान किए गए:
- चाहत एक्सपोर्ट्स एलएलपी: ₹16.18 करोड़ की परियोजना
- अवंती ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड: ₹3.18 करोड़ की परियोजना
- आर्टेक्स मिल्स प्राइवेट लिमिटेड: ₹2.10 करोड़ की परियोजना
- रचित प्रिंट्स लिमिटेड: ₹1.40 करोड़ की परियोजना
पीएम मित्र पार्क और बुनियादी ढांचे पर विस्तृत मंथन
सत्र के दौरान मंत्री राकेश सचान ने लखनऊ में बन रहे ‘पीएम मित्र पार्क’ और संत कबीर पार्क के संभावित मास्टर डेवलपर्स के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की। इन पार्कों में विश्वस्तरीय प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव (हथकरघा एवं वस्त्र) अनिल कुमार सागर, आयुक्त एवं निदेशक (एमएसएमई व वस्त्र) के. विजयेंद्र पांडियन तथा इन्वेस्ट यूपी की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा शर्मा सहित देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति और नीति-निर्माता उपस्थित रहे।



