Main Storiesउत्तर प्रदेशताजा खबरेबड़ी खबरराजनीति

यूपी में राहुल गांधी और अखिलेश यादव मिलकर लड़ेंगे, माता प्रसाद ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर लगाई मुहर : UP Elections 2027

SP-Congress alliance update: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की ओर से 2024 की सफलता का श्रेय राहुल गांधी को देने और पार्टी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की ओर से 2027 में बराबर सीटों की डिमांड के बाद संभावित गठबंधन को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही है. चर्चा शुरू हो गई है कि 2027 में सपा और कांग्रेस का गठबंधन खतरे में है. इन अटकलों के बीच यूपी में नेता प्रतिपक्ष और सपा के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ेगी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन का फैसला राहुल गांधी और अखिलेश यादव मिलकर करेंगे.

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की ओर से समाजवादी पार्टी पर किए गए हमलों के बीच राज्य के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद ने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ेगी. सपा के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद से पूछा गया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन को मिली सफलता के लिए इमरान मसूद अपने नेता राहुल गांधी को क्रेडिट देते हैं. इसपर माता प्रसाद ने कहा कि 2024 में इंडिया गठबंधन था. इंडिया गठबंधन के दो नेता थे- एक अखिलेश सिंह और दूसरे राहुल गांधी.

उन्होंने आगे कहा कि इन दोनों के नेतृत्व में वोट पड़ा, लेकिन हमें 33.59 फीसदी वोट मिले, वहीं कांग्रेस को 9.46 प्रतिशत, दोनों को मिलाकर हमारा वोट 43 फीसदी हो गया. यानी उनके वोट हमें मिले और हमारे वोट भी उनको मिले. इसलिए दोनों नेताओं के योगदान को अलग करके नहीं देखा जा सकता है. हम इतना कहते हैं कि 2024 में हमारा कंबाइंड वोट था, ना कि किसी व्यक्ति विशेष का.

माता प्रसाद ने आगे कहा- ‘हम लोग चाहते हैं, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी चाहते हैं कि 2027 में सपा और कांग्रेस का गठबंधन हो. गठबंधन के आधार पर चुनाव लड़ा जाए.’ जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम बराबरी में सीटों की मांग करते हैं तो ऐसे में सपा क्या करेगी. इसपर उन्होंने कहा- ‘देखिए मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता. कैसे और किसको कितनी सीटें मिलेगी. लेकिन गठबंधन होगा. मैं यह कहता हूं और यह गठबंधन हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी के बीच वार्ता से तय होगा.’

Like us share us

Related Articles

Back to top button