
जालंधर (आरएनएस)। जालंधर में आज सुबह अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया जिसमें आप नेता व पार्षद का चुनाव लड़ चुके लक्की ओबरॉय का गोलियां मार कर कत्ल कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक मॉडल टाउन गुरुद्वारा के बाहर आप नेता पर गोलिया चलाई गईं।बताया जा रहा है कि आप नेता लक्की ओबरॉय सुबह 8:15 बजे रोजाना की तरह गुरुद्वारा में माथा टेकने के लिए आए हुए थे। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब के बाहर उन पर हमलावर द्वारा ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं।

गोलियां लगने से बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए, इसके बाद उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने के कारण दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया, लेकिन इस दौरान उनकी मौत हो गई। जिस समय हमलावरों ने गोलियां चलाईं उस समय लक्की ओबरॉय थार में सवार थे तभी उन पर 7 से 8 राउंड फायरिंग की गई। जिसमें से कुछ गोलियां उनकी छाती और सिर में लगीं। घटना की सूचना मिलते ही इन्वेस्टिगेशन टीम के एसपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। इस घटना से शहर में सनसनी फ़ैल गई है।



