newsताजा खबरेबड़ी खबर

योगी सरकार का मिशन ‘सशक्त बेटी’: अभ्युदय योजना से छात्राओं ने पाई सफलता, अब डिजिटल संसाधनों से भरेगी उड़ान.

उत्तर प्रदेश की बेटियों को बेहतर शिक्षा, रोजगार के समान अवसर और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने के लिए योगी सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी विजन को साकार करते हुए मंगलवार को राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव ‘हौसलों की उड़ान-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलें, तो यूपी की बेटियां हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।

संवाद से बढ़ा आत्मविश्वास: हर क्षेत्र में कीर्तिमान रचने को तैयार हैं बेटियां

महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने छात्राओं से सीधा संवाद किया। उनकी खेलकूद, सांस्कृतिक और शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की बेटियों में गजब का आत्मविश्वास है। सरकार उनके इसी हौसले को संबल दे रही है, जिसके दम पर वे शिक्षा से लेकर खेल और तकनीकी क्षेत्रों तक में नित नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

‘अभ्युदय योजना’ बनी सफलता की सीढ़ी: 80 विद्यार्थियों का हुआ चयन

आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों के लिए योगी सरकार की ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ एक बड़ा वरदान साबित हो रही है। खुन खुन जी गर्ल्स पीजी कॉलेज में संचालित इस फ्री कोचिंग योजना का शानदार असर देखने को मिला है। अब तक यहां से तैयारी करने वाले 80 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हो चुका है। यह आंकड़ा स्पष्ट करता है कि सरकारी सहयोग और छात्राओं की कड़ी मेहनत मिलकर सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं।

डिजिटल सशक्तिकरण: कॉलेज को मिलेगी अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब की सौगात

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को और अधिक आधुनिक व सुलभ बनाने के लिए मंत्री असीम अरुण ने मंच से एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अभ्युदय कोचिंग को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए कॉलेज परिसर में जल्द ही एक अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएगी। इस लैब के जरिए छात्राओं को हाई-स्पीड इंटरनेट, ऑनलाइन स्टडी मटेरियल, मॉक टेस्ट और डिजिटल रिसर्च जैसी बेहतरीन सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। सरकार का लक्ष्य बेटियों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों से भी लैस करना है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button