
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में अपनी रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार के बावजूद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के तेवर कम नहीं हुए हैं। ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर वैश्विक व्यापार में हलचल मचाते हुए भारत और 13 अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों पर 25 प्रतिशत तक नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है।
अमेरिका का कहना है कि यह कदम दुनिया भर के बाजारों में जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन की समस्या से निपटने के लिए उठाया जा रहा है। इस फैसले की सबसे बड़ी मार चीन पर पड़ेगी, जिस पर पहले से लगे टैक्स के अलावा 20 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा।
चीन पर सबसे ज्यादा 20% टैक्स
ट्रंप प्रशासन ने चीन पर सबसे अधिक 20 प्रतिशत तक का नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिका का आरोप है कि चीन स्टील, इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EV) और सोलर उत्पादों को सस्ते दामों पर बेचकर वैश्विक बाजार को प्रभावित कर रहा है।
प्रसासन का कहना है कि यह नया शुल्क ट्रंप के पहले कार्यकाल में लगाए गए करीब 25% टैरिफ के ऊपर जुड़ेगा। हालांकि, 30 अरब डॉलर के उन चीनी सामानों को इससे बाहर रखा गया है जिन पर दोनों देश टैक्स घटाने पर विचार कर रहे हैं।
भारत समेत इन देशों पर भी नजर
शुरुआती जानकारी के अनुसार चीन के अलावा इस सूची में भारत, बांग्लादेश, कंबोडिया, यूरोपीय संघ (EU), इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। दूसरी तरफ फिलहाल के लिए मेक्सिको और नॉर्वे को इन नए शुल्कों से बाहर रखा गया है।
क्या व्यापारिक खर्च बहुत ज्यादा बढ़ जाएगा?
अच्छा, राहत की बात यह है कि नए टैरिफ पुराने समझौतों की तय सीमा को पार नहीं करेंगे। उदाहरण के लिए यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया और ताइवान के लिए यह सीमा 15% और मलेशिया के लिए 19% रहेगी।
इसके अलावा, जुलाई में 60 देशों पर लगाए गए 10% से 12.5% के शुल्कों के ऊपर यह नया टैक्स नहीं जोड़ा जाएगा। इसका मतलब है कि कई देशों के लिए अमेरिका के साथ व्यापार करने की लागत में कोई बड़ा उछाल नहीं आएगा।



