
विजय कुमार निगम अलीगढ़:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में ₹462 करोड़ की लागत से पूर्ण होने वाली 85 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि वह आज अलीगढ़ में रहें, लेकिन उन्हें दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना की जानकारी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हादसे की चपेट में कुछ बच्चे आए हैं और उनकी दुखद मृत्यु हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल लखनऊ वापस जाने का निर्णय लिया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन्होंने इस हादसे में अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति वह अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को मौके पर जाकर घटना की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं भी तत्काल लखनऊ के लिए प्रस्थान कर रहे हैं, ताकि पूरे मामले की तह तक जाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की जा सके।



