Main Storiesउत्तर प्रदेशताजा खबरेबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीय

CM योगी ने फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर पार्क की तैयारी की समीक्षा की..!

गौतमबुद्धनगर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर पार्क परियोजना की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। यह महत्वाकांक्षी परियोजना सेक्टर-28, ई-01 में लगभग 48 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 4000 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह उत्तर प्रदेश का पहला सेमीकंडक्टर पार्क होगा, जिससे प्रदेश औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना का विकास आधुनिक तकनीक, वैश्विक गुणवत्ता मानकों और समयबद्ध योजना के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग भविष्य की अर्थव्यवस्था का आधार है और इस क्षेत्र में निवेश से प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस परियोजना से राज्य में निवेश के नए द्वार खुलेंगे और गौतमबुद्धनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

परियोजना के तहत लगभग 3000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए ताकि वे इस अत्याधुनिक उद्योग में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में सभी पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन हो।
बैठक में तीनों विकास प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भूमि विकास, आधारभूत संरचना, विद्युत आपूर्ति, जल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी।
सेमीकंडक्टर पार्क की स्थापना से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को एक उभरते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है। यह परियोजना ‘मेक इन इंडियाÓ और ‘आत्मनिर्भर भारतÓ के विजन को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Like us share us

Related Articles

Back to top button