@आशीष सागर दीक्षित, बाँदा।
बाँदा। गुरुवार को जिलाधिकारी नागेंद्र प्रताप की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट सभागार मे आगामी 18 जनवरी, 2025 को प्रधानमंत्री द्वारा स्वामित्व योजना के अन्तर्गत तैयार की गयी सम्पत्ति विवरण ( घरौनी ) कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न की गई है। इस बैठक मे उन्होंने निर्देशित किया कि उक्त कार्यक्रम ग्राम पंचायत स्तर, ब्लाक एवं तहसील स्तर तथा जिला स्तर पर इसी दिन आयोजित किया जायेगा। साथ ही सभी कार्यक्रम स्थलों पर प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन भी प्रसारित किया जायेगा।
उक्त ग्राम स्तर के कार्यक्रम हेतु लेखपाल नोडल अधिकारी होंगे तथा ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों को आमंत्रित किया जायेगा। वहीं ब्लाक स्तर के कार्यक्रम हेतु नायब तहसीलदार, ब्लाक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधियों में तथा तहसील स्तर के कार्यक्रम हेतु उप जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मेडिकल कालेज मे होगा ज़िला स्तर आयोजन-
बाँदा के जिला स्तर का कार्यक्रम रानी दुर्गावती मेडिकल काॅलेज बाॅदा मे जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित किया जायेगा। तथा प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का प्रसारण किये जाने के साथ घरौनी का वितरण किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 17 जनवरी को गांवों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की सूचना ग्रामीणों को दी जाये। उन्होंने आगामी 18 जनवरी, 2025 में आयोजित सभी कार्यक्रमों में घरौनी वितरण कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के लाभ तथा मेरी पंचायत एप के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी जायेगी। निर्देश दिया कि सभी स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्वच्छता एवं नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जायेगी। इस कार्यक्रम में फार्मर रजिस्ट्री के सम्बन्ध में जानकारी एवं उसके द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना का लाभ, दैवीय आपदा में सहायता, भूमि सम्बन्धी जानकारी प्रदान की जायेगी।
गुरुवार को इस अवसर पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत उद्यान विभाग द्वारा दो दिवसीय वृहद किसान मेला का आयोजन भी 18 व 19 जनवरी, 2025 को प्रातः 10ः00 बजे से रानी दुर्गावती मेडिकल काॅलेज बाॅदा में किया जायेगा। जिसमें उद्यान विभाग से सम्बन्धित योजनाओं से सम्बन्धित जानकारी तथा माइक्रो एरीग्रेशन एवं फल-फूल उत्पादन, बागवानी के सम्बन्ध में वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को जानकारी दी जायेगी।
इस आयोजन मे विभिन्न उद्यान एवं कृषि व अन्य विभागों से सम्बन्धित स्टाल विभागीय योजनाओं की जानकारी देने हेतु लगाये जायेंगे। डीएम ने कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बन्ध में घरौनी वितरण से सम्बन्धित फ्लैक्सी लगाये जाने तथा सम्बन्धित तहसील से घरौनी वितरण हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थायें करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई कराये जाने हेतु अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिये है। वाहन पार्किंग एवं यातायात, सुरक्षा की समुचित व्यवस्था कराये जाने के निर्देश दिये है। उन्होंने घरौनी वितरण हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी लगाये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।
इस कार्यक्रम हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था समय से सुनिश्चित किये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये गए। गुरुवार को बैठक मे अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार,अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, समस्त उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।