Main Storiesउत्तर प्रदेशताजा खबरेबाँदाबुंदेलखंडराजनीतिराज्य

डीएम बाँदा जे.रीभा और एसपी पलाश बंसल ने जलशक्ति राज्य मंत्री के साथ बाढ़ पीड़ितों को राशन किट दी…

@आशीष सागर दीक्षित, बाँदा।

  • बाँदा के तहसील पैलानी व जसपुरा क्षेत्र के शंकर पुरवा मे जलशक्ति राज्य मंत्री के साथ पहुंचे डीएम बाँदा व एसपी साहब।
  • शनिवार को अफसरों ने औचक निरीक्षण किया था और फौरी मददगार बने थे।
  • रविवार को सपा नेताओं ने लंच पैकेट दिये थे।
  • आज सोमवार को जलशक्ति मंत्री के साथ प्रशासन ने खुले हाथों से पीड़ितों को राशन किट वितरण किया।

बाँदा। बुंदेलखंड मे केन और यमुना की बाढ़ विभीषिका के बीच सरकार से मदद वक्त पर मिल जाती है तो किसानों और गरीबों के घर पर जीवन कि उम्मीद बरकरार रहती है। बाँदा, हमीरपुर और चित्रकूट बाढ़ से प्रभावित हुआ है। जहां हमीरपुर मे केन,यमुना, चंद्रावल नदियों से आम आदमी का सर्वाधिक नुकसान हुआ है। वहीं सैकड़ों बीघा खेती जलमग्न है और आने वाली सर्दी की फसलों का भी आसरा कम बचा है। वहीं चित्रकूट मंडल के बाँदा मे केन, यमुना व चंद्रावल नदियों ने ठीकठाक नुकसान कर दिया है। बतलाते चले कि बाँदा के लगभग 23 से 34 गांव बाढ़ प्रभावित हुए है। वहीं चित्रकूट मे राजापुर का सरधुआ क्षेत्र अर्की मोड़ आसपास के गांवदारी मे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। हमीरपुर तो त्राहिमाम बोल रहा है।

साल 2005 के बाद एक बार पुनः बाढ़ ने तबाही की झलक दिखाया है। आज 4 अगस्त को बाँदा प्रशासन ने डीएम श्रीमती जे.रीभा व एसपी पलाश बंसल की संयुक्त टीम मे जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेष निषाद के साथ पैलानी और जसपुरा क्षेत्र मे बाढ़ क्षेत्र का ग्राउंड आंकलन करने के बाद टीम के साथ नदी मे नांव से पार करके टीलों पर डेरा डाले घरों से उजड़े परिवारों को राशन किट दी है। अधिकारियों ने खुले हाथों से जलशक्ति मंत्री जी के हाथों मदद दिलाई है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश का अनुपालन किया गया है।

मिली जानकारी मुताबिक जनपद बाँदा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव एवं माननीय राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग के रामकेश निषाद जी द्वारा स्टीमर के माध्यम से किया गया। निरीक्षण का क्रम ग्राम नांदादेव, मजरा शंकर पुरवा, पैलानी डेरा, पड़ोरा पार एवं सिंधनकला तक रहा।

गौरतलब है कि निरीक्षण के दौरान ग्राम शंकर पुरवा में बाढ़ प्रभावित पात्र व्यक्तियों को 3474 रुपये मूल्य की अनुमन्य राशन सामग्री किट वितरित की गई, जिसमें कुल 26 प्रकार की राहत सामग्री सम्मिलित थी। जलशक्ति मंत्री द्वारा राहत किट वितरण के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को यह आश्वासन भी दिया गया कि शासन एवं प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है। तथा किसी को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जिला प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रही है। जहां आवश्यकता है वहां तत्परता से राहत सामग्री वितरित की जा रही है। शासन की ओर से स्पष्ट संदेश है कि संकट की इस घड़ी मे सरकार जनमानस के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता से खड़ी है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बाँदा श्रीमती जे. रीभा, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) धर्मेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी पैलानी, तहसीलदार पैलानी राधेश्याम एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Like us share us

Related Articles

Back to top button