
विजय कुमार निगम लखनऊ:- उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना आज अपने पूर्व निर्धारित संकल्प के अनुरूप मोटर साइकिल से विधानसभा स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय आने-जाने का उनका निर्णय केवल व्यक्तिगत पहल नहीं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति एक जिम्मेदार संदेश है।

श्री खन्ना ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य नहीं हैं तथा वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का वातावरण बना हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत की ओर से आपसी संवाद एवं शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए निरंतर प्रयास किए गए, किन्तु परिस्थितियां अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पेट्रोल एवं डीजल जैसे संसाधनों के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। ईंधन की बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित एवं भविष्य की आवश्यकताओं के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वित्त मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे यथासंभव साइकिल, सार्वजनिक परिवहन एवं साझा वाहनों का उपयोग करें तथा ऊर्जा संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बनें।



