Editor's PickMain Storiesअपराधताजा खबरेदिल्लीबड़ी खबर

केतन हत्याकांडः पिता विशाल अग्रवाल की राष्ट्रपति से गुहार, त्वरित न्याय की मांग

दिल्ली । नयी दिल्ली पुणे के युवा रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उनके पिता विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भावुक पत्र लिखकर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बेटे और पिता की कम समय में हुई मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

राष्ट्रपति सचिवालय को भेजे गए ईमेल में विशाल अग्रवाल ने लिखा कि वह किसी प्रभावशाली व्यक्ति या व्यवसायी के रूप में नहीं, बल्कि अपने बेटे के लिए न्याय मांगने वाले एक पिता के रूप में यह गुहार लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि परिवार किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहा, बल्कि केवल समय पर न्याय चाहता है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि केतन की मृत्यु के महज 20 दिन बाद उनके पिता का भी निधन हो गया। उनके अनुसार, दादा अपने पोते से बेहद स्नेह करते थे और उसकी असामयिक मौत का सदमा सहन नहीं कर सके। विशाल अग्रवाल ने लिखा कि इतने कम समय में बेटे और पिता दोनों को खो देने से उनका परिवार बुरी तरह बिखर गया है।

राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि मामले को फास्ट ट्रैक अदालत में चलाया जाए, ताकि न्याय में अनावश्यक देरी न हो।

उनके अनुसार, न्याय में विलंब पीड़ित परिवारों की पीड़ा को और बढ़ा देता है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि यदि आरोप सिद्ध हों, तो दोषियों को कानून के अनुसार कठोरतम दंड दिया जाए। 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के निकट लोहागढ़ किले के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। पुलिस ने उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके एक परिचित चेतन चैधरी पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों की शादी नवंबर में प्रस्तावित थी। शुक्रवार को पुणे की एक अदालत ने दोनों आरोपियों को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं और आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button