उत्तर प्रदेशताजा खबरेबड़ी खबरराष्ट्रीयलाइफ स्टाइल

UP में मानसून की रफ्तार तेज,भारी बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से बढ़ रहा है और राज्य के कई हिस्सों में भी पहुंच चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताज़ा अपडेट के अनुसार, अगले दो दिनों में मानसून के उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों में भी पूरी तरह सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जुलाई तक मानसून की उत्तरी सीमा मिर्ज़ापुर, आज़मगढ़, अयोध्या, बदायूं और मेरठ से होकर गुज़र रही है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही और बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय निचले क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर प्रदेश के मध्य भागों के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण यानी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इस मजबूत वेदर सिस्टम के कारण राज्य में आने वाले दिनों में मानसून और अधिक प्रभावी होने जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच में 11 सेंटीमीटर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 9 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण आंधी-तूफान के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं भी चलीं।

ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

2 जुलाई को पश्चिमी यूपी के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना है। इसके बाद 3 से 7 जुलाई के बीच भी छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। साथ ही 2 जुलाई को तेज हवाएं चलने की भी संभावनाएं हैं। जिनकी रफ्तार 40-50 किमी/घंटा हो सकती है।

वहीं, पूर्वी यूपी में 3 जुलाई और फिर 6 और 7 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 1 से 5 जुलाई के दौरान कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी, जबकि 6 और 7 जुलाई को भारी बारिश का दायरा और बढ़ जाएगा। इसके साथ ही गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावनाएं हैं।

Like us share us

Related Articles

Back to top button