UP चुनाव के लिए प्रियंका ने जारी किया उन्नति विधान, 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ | UP Congress Manifesto 2022

 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पहले चरण के चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस ने भी अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी की महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर ‘उन्नति विधान’ नामक यह घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस ने इस घोषणा पत्र में किसानों और बेरोजगारों के लिए कई ऐलान किए हैं। इससे पहले पार्टी युवाओं के लिए ‘भर्ती विधान घोषणा पत्र’ और महिलाओं के लिए ‘शक्ति विधान घोषणा पत्र’ जारी कर चुकी है। इससे पहले मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (एसपी) अपना घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं।उन्नति विधान जन घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमने आम लोगों के सुझावों को इसमें शामिल किया है। अन्य पार्टियों की तरह दूसरे दलों की घोषणाओं को नहीं शामिल किया गया है। आज की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और महंगाई की है। इसे लेकर कई घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।प्रियंका गांधी वाड्रा ने ऐलान कहा कि किसानों से 25 सौ रुपये में गेहूं व धान और चार सौ रुपये में गन्ना खरीदा जाएगा।

UP Assembly Election 2022 Congress Leader Priyanka Gandhi Launches Congress  Manifesto Unnati Vidhan Jan Ghoshna Patra

उन्होंने कहा कि सभी का बिजली बिल हाफ किया जाएगा। कोरोना काल में जिनका भी बिजली बिल बकाया है उसे साफ किया जाएगा। जिन्हें कोरोना महामारी की सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी उन परिवारों को 25 हजार रुपये सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 20 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इन नौकरियों महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। यदि कोई बीमारी होती है तो सरकार की तरफ से 10 लाख रुपये तक इलाज मुफ्त कराया जाएगा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने आवारा पशुओं की समस्याओं को लेकर घोषणा करते हुए कहा कि पीड़ितों को प्रति एकड़ तीन हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा। किसानों के लिए गोधन न्याय योजना शुरू की जाएगी।

ये की गई घोषणाएं

  • 10वीं और 12वीं पास बेटियों को स्मार्ट फोन, स्कूटी।
  • गांव के तालाबों सहित जलाशयों का मानचित्रण और पंजीकरण।
  • सूक्ष्म और लघु उद्योग के लिए क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट के तहत गारंटी मुक्त लोन।
  • आउट सोर्सिंग बंद और संविदा रोजगार को युक्ति संगत बनाया जाएगा।
  • स्कूलों में मिड-डे मील बनाने वाले रसोइये को मानदेय 5000 दिया जाएगा।
  • जान गंवाने वाले कोविड योद्धाओं की मृत्यु पर 50 लाख का मुआवजा।
  • झुग्गी वासियों को जमीन का अधिकार मिलेगा
  • ग्राम प्रधान का वेतन बढ़ाएंगे
  • चौकीदार का वेतन 5 हजार।
  • उर्दू शिक्षकों की। अतिपिछड़ी जातियों केलिए सबकोटा।
  • एससी एसटी को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा।
  • दिव्यांगों को 3 हजार का पेंशन।
  • महिला पुलिस को गृह जनपद में पोस्टिंग।
  • पूर्व सैनिकों के लिए एक विधानपरिषद की सीट।
  • प्रयागराज और वाराणसी में मां गंगा को समर्पित उत्सव।
  • भगवान परशुराम जयंती पर अवकाश।
  • निषादों को नदियों के संसाधनों पर अधिकार।

इसमें किसानों से दो रुपये किलो गोबर खरीदा जाएगा। ऐसा छत्तीसगढ़ राज्य में हो रहा है। छोटे व्यापारियों को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग बंद होगी। सभी संविदा कर्मियों का चरणबद्ध तरीके से  नियमितिकरण किया जाएगा। शिक्षामित्रों को नियमित किया जाएगा।इस मौके पर कांग्रेस की घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने कहा कि हम अब तक दो घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं, जिसमें से पहला महिलाओं के लिए और दूसरा युवाओं के लिए था। अब हम तीसरा और अंतिम घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं। इसके लिए हमने करीब एक लाख लोगों से बात की जिनकी आकांक्षाओं को इसमें शामिल किया गया है। हमने समाज के हर वर्ग से बात की और यह जन घोषणा पत्र तैयार किया है। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सुप्रिया श्रीनेत, आराधना मिश्रा मोना व कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *