
नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri Latest Statement) ने संकेत दिया है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें अगले 2 से 3 महीने तक इसी तरह नीचे बनी रहती हैं, तो पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि फिलहाल इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

तेल कंपनियों को ₹74781 करोड़ का नुकसान
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरदीप पुरी ने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष (middle east war) के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया था। उस समय सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी को लागत से कम कीमत पर बेचकर 30 जून तक कुल 74,781 करोड़ रुपए का नुकसान उठाया। उन्होंने कहा कि भले ही अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम हो गई हैं, लेकिन फिलहाल रिफाइनरियां उसी कच्चे तेल की प्रोसेसिंग कर रही हैं, जिसे दो महीने पहले ऊंची कीमत पर खरीदा गया था।



