‘अमेरिका से बहुत अच्छी डील हुई’, यूएस Trade Deal पर बोले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

नई दिल्ली। मंगलवार को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर अहम जानकारी दी। गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बहुत अच्छी ट्रेड डील हुई है।

बता दें कि सोमवार देर रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच फोन पर बात हुई। इस वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों पर बड़ा अपडेट सामने आया।

पीयूष गोयल ने आगे कहा, ‘हम सभी जानते हैं कि, हमारे प्रधानमंत्री के अपने दोस्त, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ घनिष्ठ और गर्मजोशी भरे संबंधों को ध्यान में रखते हुए, अमेरिका के साथ अंतिम रूप दिया गया व्यापार समझौता हमारे सभी पड़ोसियों, आसपास के देशों और प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारत द्वारा हासिल किया गया सबसे अच्छा समझौता है।

यह समझौता आप सभी के लिए, हम सभी के लिए हासिल किया गया है। यह देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत लाता है। हम यह भी जानते हैं कि महीनों से, हमारी बातचीत करने वाली टीमें संयुक्त राज्य अमेरिका के अधिकारियों और मंत्रियों के साथ लगातार बातचीत और चर्चा कर रही थीं।’

विपक्ष पर भी उठाए सवाल 

पीयूष गोयल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘जिस तरह से विपक्ष, खासकर राहुल गांधी की लीडरशिप में, अपने सहयोगियों – DMK, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर आज संसद में बर्ताव किया, वह बिल्कुल गलत है। उन्होंने चेयर के पास जाकर स्पीकर का अपमान किया।

मैं इस बर्ताव के लिए विपक्ष और राहुल गांधी की कड़ी निंदा करता हूं, इसीलिए हम आज संसद में बोलने के बजाय आपको जानकारी देने के लिए यहां आए हैं।’

पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को सराहा

पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि भारत-अमेरिका एक ट्रेड डील पर सहमत हुए हैं और अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ को तत्काल प्रभाव से 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर रहा है।

ट्रंप के एलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भारत में निर्मित उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है।

लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के बयान में किसी ट्रेड डील का जिक्र नहीं है। उन्होंने ट्रंप को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से धन्यवाद दिया।

अमेरिका यात्रा पर विदेश मंत्री जयशंकर

गौरतलब है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर सोमवार से ही अमेरिका यात्रा पर हैं। जयशंकर दो से चार फरवरी तक वाशिंगटन में रहेंगे, जहां वह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो द्वारा आयोजित क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टि्रयल में भाग लेंगे।

यह बैठक आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती, स्वच्छ ऊर्जा और क्रिटिकल मिनरल्स में रणनीतिक सहयोग पर केंद्रित होगी।

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *