
डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (आरएमएलएनएलयू) के पांचवें दीक्षा समारोह में शनिवार को मेधावी छात्रा ईशा अग्रवाल को चार मेडल से सम्मानित किया गया। उन्हें तीन गोल्ड और एक सिल्वर मेडल प्रदान किया गया।
ईशा को क्रिमिनल लॉ में जस्टिस ओपी प्रधान मेमोरियल गोल्ड मेडल, कान्स्टिट्यूशनल लॉ में स्वर्गीय पद्मावती मोहनलाल जरीवाला गोल्ड मेडल और स्टूडेंट आफ द ईयर के लिए वीरेंद्र भाटिया गोल्ड मेडल मिला। वहीं, बीए एलएलबी आनर्स पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिल्वर मेडल प्रदान किया गया। मंच पर पदक प्राप्त करने पहुंची ईशा ने सीएम योगी आदित्यनाथ के कान में कहा आप मेरे आदर्श हैं।
सिविल सर्विसेज में जाने का है लक्ष्य
ईशा के पिता गौरव गुप्ता सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मां नीतू गुप्ता गृहिणी हैं। ईशा अब सिविल सर्विसेज में जाने की तैयारी करना चाहती हैं। ईशा अपने ताऊ व वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी से प्रेरित है।

रूपल जायसवाल और तेजस्विनी कौशल को गोल्ड मेडल
दीक्षा समारोह में एलएलएम (वन ईयर प्रोग्राम) में रूपल जायसवाल को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। चित्रा सिंह को सिल्वर और सौम्या गिरी को ब्रांज मेडल मिला। वहीं, बीए एलएलबी (आनर्स) में तेजस्विनी कौशल ने गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि निशा वर्मा को ब्रांज मेडल प्रदान किया गया। समारोह में 17 विद्यार्थियों को कुल 20 मेडल दिए गए। इनमें 11 गोल्ड, पांच सिल्वर और चार ब्रांज मेडल शामिल रहे। जबकि 260 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।



