Main Storiesnews nPopularRecommendedTrending Storiesउत्तर प्रदेशचुनावताजा खबरेबड़ी खबरराष्ट्रीय

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण, बोले- आर्थिक और आध्यात्मिक विकास एक-दूसरे के पूरक

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश केवल कानून से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। आध्यात्मिकता केवल व्यक्तिगत मुक्ति का मार्ग नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण का भी मार्ग है। आर्थिक और आध्यात्मिक विकास एक-दूसरे को मजबूत करने वाली शक्तियां हैं। भारत आज आर्थिक, सामरिक, विज्ञान व तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी शक्तियों में अपनी पहचान बना रहा।

अंतरिक्ष से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, लेकिन बाहरी प्रगति के साथ हमें अपनी आंतरिक दुनिया को भी समझना होगा। आध्यात्मिक प्रश्न का समाधान ब्रह्माकुमारीज जैसी संस्थाओं के माध्यम से मिल सकता है।

शुक्रवार को सुलतानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक परिसर गुलजार उपवन में नवनिर्मित ””दिव्य संस्कृति भवन”” का लोकार्पण करने के बाद रक्षामंत्री ने कहा, आध्यात्मिकता के लिए जीवन में कोई अलग समय तय करने की आवश्यकता नहीं है। आध्यात्मिकता तो हमारी दृष्टि और उसके माध्यम से सृष्टि को बदलने की प्रक्रिया है।

सकारात्मक प्रभावों को कर रहे स्वीकार

मनोविज्ञान, शरीर विज्ञान सहित वैज्ञानिक शोध भी योग व ध्यान के मन व शरीर पर सकारात्मक प्रभावों को स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज ने 90 वर्षों में लाखों लोगों के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का प्रकाश फैलाया है। किसी संस्था की महानता केवल भवनों और केंद्रों के निर्माण से नहीं, बल्कि उससे जुड़े लोगों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन से होती है।

उन्होंने कहा, राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने या चुनाव जीतने का माध्यम नहीं होना चाहिए। इसका वास्तविक उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और राष्ट्र को सर्वांगीण विकास की ओर ले जाना है। राजनीति के साथ नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का जुड़ना आवश्यक है। युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए राजनीति में राजसेवा, नैतिकता और चरित्र निर्माण की भावना को पुनः स्थापित करना होगा।

युवाओं के पास आज तकनीक, विज्ञान और संचार के असीमित साधन हैं। लेकिन, उन्हें तकनीक का उपयोग करना चाहिए, तकनीक को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। युवाओं को आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। लखनऊ शहर में ब्रह्मोस जैसी सामरिक उपलब्धियों से लेकर सांस्कृतिक विरासत तक विशिष्ट पहचान है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजयोग और ध्यान मन पर विजय प्राप्त करने का सशक्त माध्यम हैं। जब मनुष्य अपने मन को जीत लेता है तो वह पूरे विश्व पर विजय प्राप्त करने की यात्रा पर निकल सकता है। ब्रह्माकुमारीज के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बी.के. मृत्युंजय भाई ने कहा कि जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान के साथ आज जय आध्यात्मिकता का संदेश भी विश्व में भारत की पहचान बन रहा है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button