
उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस नेताओं के बीच गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बयानबाजी के बीच अखिलेश यादव के रायबरेली दौरे से तनातनी और बढ़ने की आशंका है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सपा प्रमुख के दौरे पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह भी इटावा, कन्नौज और सैफई जा सकते हैं।
सपा प्रमुख ने गुरुवार को रायबरेली से अपनी समाजवादी पीडीए रथ यात्रा की शुरुआत की थी। इस यात्रा में किए गए शक्ति प्रदर्शन को गठबंधन में कांग्रेस को संदेश देने के तौर पर भी देखा गया। गठबंधन में दोनों दलों के नेताओं के बीच पहले से बयानबाजी चल रही है। हाल ही में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर बयान दिया था तो सपा सांसद इकरा हसन ने भी इसका जवाब दिया है।

इमरान मसूद ने कहा था कि बिना कांग्रेस और राहुल गांधी के भाजपा को नहीं हराया जा सकता है। उन्होंने सीटों के बंटवारे में हो रही देर को लेकर सपा पर निशाना साधा था। इसके जवाब में कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि उप्र में यदि भाजपा को कोई हरा सकता है तो वह अखिलेश यादव ही हैं। कांग्रेस अपने दम पर उप्र में कुछ नहीं कर पाएगी।
शुक्रवार को अजय राय ने सपा प्रमुख के दौरे को लेकर कहा कि कोई भी चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के हक में माहौल बनाने के मकसद से कहीं भी जा सकता है। अखिलेश यादव रायबरेली या अमेठी जा सकते हैं और इसी तरह कांग्रेस के नेता भी कन्नौज, इटावा या सैफई जा सकते हैं। विधान सभा चुनाव को लेकर सभी दल तैयारी कर रहे हैं।
कांग्रेस भी जमीन पर लगातार काम कर रही है। राय ने दावा किया कि आम जनता बड़ी संख्या में कांग्रेस के साथ जुड़ रही है। राहुल गांधी देश की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसी वजह से देश भर के लोगों का ध्यान उनकी तरफ आकर्षित हो रहा है।



