
प्रदेश सरकार के विभागों व निगमों में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों का एक वर्ष का इंतजार अब समाप्त होने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का ‘पोर्टल’ और ‘लोगो’ लांच करेंगे। इस अवसर पर वह प्रस्तावित बढ़ा मानदेय दिए जाने की घोषणा कर सकते हैं।
लोकभवन में इसके लिए आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी जिलों में होगा। जिलों में तैनात आउटसोर्स कार्मिक इस आयोजन से जुड़ेंगे। बुधवार को दिन में 11 बजे लोकभवन में यह कार्यक्रम होगा। आउटसोर्स सेवा निगम की प्रबंध निदेशक अमृता सोनी ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर जिलों में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों को इस आयोजन से जोड़ने का प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।

सचिवालय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष चौहान के मुताबिक इस कार्यक्रम से ही मुख्यमंत्री पिकप भवन में तैयार आउटसोर्स सेवा निगम के कार्यालय का लोकार्पण भी करेंगे। प्रदेश में अभी 2.70 लाख आउटसोर्स कार्मिकों के सेवा में होने की जानकारी विभागों से मिली है। विभाग निगमों के कार्मिकों को भी इससे जोड़ेंगे तो यह संख्या और बढ़ेगी।



