
उत्तर प्रदेश को वैश्विक विनिर्माण, व्यापार और निर्यात के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ (UPITS) का चौथा संस्करण आगामी 25 से 29 सितम्बर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजन की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए इसे प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और निर्यात सामर्थ्य को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का सबसे प्रभावी मंच बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के विजन को धरातल पर उतारने का मजबूत माध्यम बन चुका है।

‘यूपी फॉर ग्लोबल ग्रोथ’ थीम पर जुटेगी दुनिया
इस वर्ष ट्रेड शो की थीम ‘यूपी फॉर ग्लोबल ग्रोथ: इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग एंड एक्सपोर्ट्स’ रखी गई है। बैठक में मुख्यमंत्री ने सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया और रूस सहित विश्व के प्रमुख देशों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुनिया भर के 85 से अधिक देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों (Buyers) के शामिल होने की उम्मीद है। ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 1.50 लाख से अधिक पंजीकृत B2B खरीदार और 4.50 लाख से अधिक B2C आगंतुक शामिल होंगे। आयोजन के दौरान 4,000 से अधिक एमओयू, ₹3,200 करोड़ से अधिक के प्रस्तावित एमओयू मूल्य तथा ₹13,500 करोड़ से अधिक की व्यापारिक पूछताछ का लक्ष्य तय किया गया है।
27 से अधिक प्रमुख क्षेत्रों का होगा प्रदर्शन व ‘नॉलेज सेशन’
ट्रेड शो में ओडीओपी (ODOP), एमएसएमई (MSME), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, कृषि, ई-वाहनों (EV), फार्मा, स्टार्टअप्स और हस्तशिल्प सहित 27 से अधिक प्रमुख क्षेत्रों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके साथ ही, विशेषज्ञों द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल ट्रेड, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (FTA), नई श्रम संहिताओं और खाद्य प्रसंस्करण जैसे विषयों पर ‘नॉलेज सेशन’ आयोजित किए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा तथा उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत (कथक, लोकनृत्य व शास्त्रीय संगीत) का भी प्रदर्शन होगा।
सरदार वल्लभभाई पटेल औद्योगिक योजना में दिग्गजों ने दिखाई रुचि
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकास योजना’ की प्रगति का भी जायजा लिया। इस योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और 80% प्लेसमेंट का लक्ष्य है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में TCS, बीवीजी समूह और हीरानंदानी समूह जैसी प्रमुख कंपनियों ने रुचि दिखाई है। टीसीएस (TCS) इस योजना के तकनीकी भागीदार के रूप में कार्य करने पर सहमत हुई है। प्रथम चरण में राज्य के 19 जिलों में 1,320 एकड़ भूमि चिन्हित कर 17 केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।



