
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए बसों और बस अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परिवहन विभाग ने यह पहल की है।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने परिवहन निगम के अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष सतर्कता बरतने और सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व चार सितंबर को मनाया जाएगा। इस दौरान मथुरा-वृंदावन, गोवर्धन आदि धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बसों के संचालन के साथ ही बस अड्डों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन. सिंह ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में बस स्टेशनों, प्रमुख बस अड्डों और धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों पर चलने वाली बसों में विशेष निगरानी रखी जाए।
बसों और बस स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर जांच भी कराई जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़भाड़ वाले बस स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है। पर्व के दौरान बसों के संचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।



