newsउत्तर प्रदेशताजा खबरेबड़ी खबरराष्ट्रीय

बैंक कर्मियों की तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल से पहले सरकार की तैयारी, रविवार को भी खुलेंगे बैंक

 बैंक कर्मचारियों संगठनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की प्रस्तावित हड़ताल के बीच वित्त मंत्रालय ने ग्राहकों की परेशानी कम करने के लिए उपयोगी कदम उठाया है। बैंक कर्मियों की हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है।

वित्त मंत्रालय ने बुधवार को सभी बैंक को 27 सितंबर को खुला रखने का निर्देश दिया है। मंत्रालय का निर्देश है कि बैंक कर्मचारियों संगठनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की प्रस्तावित हड़ताल (Bank strike) को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए रविवार 27 सितंबर को क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक समेत सभी बैंक खुले रहेंगे।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि यदि हड़ताल होती है तो वे मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, बैंक प्रतिनिधि केंद्र और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग करें। बैंकों ने ग्राहकों से यह भी कहा है कि असुविधा से बचने के लिए जरूरी बैंक लेनदेन प्रस्तावित हड़ताल की तारीखों से पहले ही पूरा कर लें।

तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान

यूएफबीयू ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। उसकी प्रमुख मांगों में बैंकों (Bank) में सप्ताह में पांच दिन का कार्यदिवस लागू करना शामिल है। संगठन का दावा है कि वह बैंक क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।

वित्त मंत्रालय का क्या है निर्देश

मंत्रालय ने कहा है कि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल और इससे पहले 26 तथा 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टियों (Bank Holiday) को देखते हुए सरकार ने ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए हैं। बयान में कहा गया है कि जनता की बैंक जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर, 2026 को रविवार के दिन सामान्य रूप से काम करेंगे।

पूरी तरह परिचालन में रखने की मंजूरी

भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और ‘करेंसी चेस्ट’ को 27 सितंबर को पूरी तरह परिचालन में रखने की मंजूरी दे दी है। वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले वित्तीय सेवा विभाग ने कहा कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक कर्मचारी संगठनों से प्रस्तावित हड़ताल टालने की अपील की है। इसके साथ ही आवश्यक बैंकिंग सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए कदम उठाए गए हैं।

Like us share us

Related Articles

Back to top button