newsTrending Storiesउत्तर प्रदेशताजा खबरेबड़ी खबरराष्ट्रीय

योगी सरकार में छठ पूजा पर भी 24 घंटे मिलेगी निर्बाध बिजली, घाटों पर होगी पर्याप्त रोशनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दीपावली के बाद अब छठ पूजा पर भी 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय है। योगी सरकार की प्राथमिकता है कि त्योहार के दौरान गांव से लेकर शहर तक उपभोक्ताओं को सुचारु, सुरक्षित और भरोसेमंद बिजली मिले। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) अलर्ट मोड पर हैं। इसके साथ ही छठ पूजा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कटौती-मुक्त बिजली देने के लिए यूपीपीसीएल अलर्ट

प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने छठ पूजा पर प्रदेशवासियों को अनवरत, सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को कटौती मुक्त बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अध्यक्ष ने स्थानीय बिजली बाधाओं को तत्काल दूर करने, पर्याप्त मरम्मत गैंग, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग, ट्रांसफार्मर व फीडर का लोड जांचने तथा ढीले तारों और झुके बिजली पोलों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूजा स्थलों पर किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

संभावित तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए रात में भी मेंटेनेंस कार्य जारी

वहीं बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी डिस्कॉम के जनपदों में विभागीय टीमें लगातार अनुरक्षण और मेंटेनेंस कार्य कर रही हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। जहां जरूरत है, वहां आवश्यक मरम्मत और रखरखाव के जरिए संभावित तकनीकी समस्याओं को समय रहते दूर किया जा रहा है। रात्रिकालीन मेंटेनेंस कार्य भी लगातार जारी हैं, जिससे बिजली वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

आरडीएसएस के तहत विद्युत नेटवर्क को मजबूत बना रही योगी सरकार

प्रदेश सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को सुरक्षित और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में फील्ड पर तैनात बिजलीकर्मियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय टीमें बिजली लाइनों के रखरखाव से लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान तक पूरी तत्परता से जुटी हैं। इसके साथ ही प्रदेश में विद्युत बुनियादी ढांचे को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भी विभिन्न कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। योगी सरकार का लक्ष्य बेहतर विद्युत नेटवर्क विकसित कर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button