
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 13 जुलाई को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। सोमवार को राजनाथ सिंह लखनऊ में किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के 22वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के साथ लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे लोकार्पण एवं जनसभा में शामिल होंगे।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि भारत सरकार के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर लखनऊ आएंगे। रक्षा मंत्री प्रातः 10:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) जाएंगे। 22वें दीक्षांत समारोह में उनका सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कार्यक्रम है।
दीक्षांत समारोह के बाद राजनाथ सिंह अपने सरकारी आवास, कालिदास मार्ग पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे ला मार्टिनियर कॉलेज हेलीपैड से हेलीकॉप्टर से उन्नाव रवाना होंगे। राजनाथ सिंह लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेश की आधारभूत संरचना को नई गति देने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ करेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद रक्षा मंत्री लखनऊ लौटेंगे और सैनिक स्कूल, सरोजिनी नगर में वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे शाम 4:30 बजे से 5:45 बजे तक सैनिक स्कूल परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रमों के समापन के बाद रक्षा मंत्री शाम 6:00 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।



