
राष्ट्रीय राजनीति की धुरी कहलाने वाले उत्तर प्रदेश का महत्व पार्टी के संगठनों में भी बढ़ा है। पिछले दिनों भाजपा की राष्ट्रीय टीम में जहां यूपी के आठ चेहरों को शामिल किया गया, वहीं अब भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में भी प्रदेश के हिस्से महामंत्री, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष जैसे बड़े पद आए हैं। चुनावी साल को देखते हुए पार्टी ने सधा हुआ कदम उठाने का प्रयास किया है।
भाजयुमो की राष्ट्रीय टीम दशहरा के दिन घोषित की गई, जिसमें अयोध्या के रहने वाले हर्षवर्धन सिंह को महामंत्री बनाया गया है। हर्षवर्धन भाजयुमो की प्रदेश टीम में भी महामंत्री रहे हैं। उन्हें प्रदेश युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनने का प्रबल दावेदार बताया जा रहा था, लेकिन यह बाजी रोहित मिश्रा के हाथ लगी। राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के करीबी निखिल मणि त्रिपाठी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश की राजनीतिक शक्ति का किया सम्मान
उनके आने से देवरिया में विधायक शलभमणि त्रिपाठी के सामने नई चुनौती खड़ी होगी। मेरठ निवासी और दिल्ली में सक्रिय विनीत वत्स त्यागी को युवा मोर्चा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले राष्ट्रीय संगठन में हरीश द्विवेदी और स्मृति ईरानी को महामंत्री, तारिक मंसूर और रेखा वर्मा को उपाध्यक्ष, भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाकर उत्तर प्रदेश की राजनीतिक शक्ति का सम्मान किया गया।
राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कमान अमरपाल मौर्य और अल्पसंख्यक मोर्चा को कुंवर बासित अली को देकर पार्टी ने साफ कर दिया कि दिल्ली का सिंहासन पाना है तो यूपी का समीकरण मजबूत रखना होगा।



