
विधान सभा चुनाव की दहलीज पर खड़ी प्रदेश सरकार लगभग 15 दिसंबर के आस-पास विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में चालू वित्तीय वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है। इसका आकार 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
वित्त विभाग बजट के लिए विभिन्न विभागों से प्रस्ताव लेने जा रहा है। इस बजट में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की नई योजना शामिल हो सकती है। किसानों के लिए भी राहत पैकेज लाने की तैयारी है। इसके अलावा प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रविधान भी इसमें दिखेगा।
दूसरे अनुपूरक बजट को तैयार करने में वित्त विभाग जुट गया है। हाल ही में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पैकेज लाने की बात कही थी। उन्होंने महिलाओं से इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहने और यह तय करने को कहा था कि वे कौन-सा काम शुरू करना चाहती हैं।
59 हजार करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट पेश कर चुकी है सरकार
जिसे देखते हुए माना जा रहा है कि सरकार स्वरोजगार के लिए महिलाओं को एकमुश्त धनराशि देने पर विचार कर सकती है। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए राहत पैकेज लाने के संकेत भी दिए थे। इन योजनाओं के अलावा प्रदेश में जारी विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए अनुपूरक बजट में अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया जा सकता है।
दूसरा अनुपूरक बजट पेश होने के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 का कुल बजट आकार 10 लाख करोड़ रुपये पार कर जाएगा। इस वित्तीय वर्ष का मूल बजट 9.12 लाख करोड़ रुपये है। इसके बाद सरकार 59 हजार करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट पेश कर चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के शीतकालीन सत्र में 8479.53 करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया था।



