अंतरराष्ट्रीयअपराधताजा खबरेबड़ी खबर

युद्ध में अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला,यूक्रेन ने रूस पर दागे 660 ड्रोन

मॉस्को रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध ने अब एक बेहद आक्रामक और भयानक रूप ले लिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक चैंकाने वाला दावा करते हुए बताया कि यूक्रेन ने रूस के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक को अंजाम दिया है। रूस ने रातभर में अपने 12 अलग-अलग क्षेत्रों अवैध रूप से कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप, अजोव सागर और काला सागर क्षेत्र में यूक्रेन के कुल 660 आत्मघाती ड्रोनों को हवा में ही रोककर नष्ट करने का दावा किया है।

बता दें कि रूस की ओर से 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर आक्रमण के बाद से इसे सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन ने रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा केन्द्रों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों से रूस में ईंधन की कमी और सैन्य आपूर्ति लाइनों में बाधा उत्पन्न हुई है जिससे चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध में मॉस्को के सैन्य अभियानों पर असर पड़ा है। मॉस्को के दक्षिण में स्थित तुला क्षेत्र में एक निजी घर इस हमले में क्षतिग्रस्त हो गया और एक महिला घायल हो गई। क्षेत्रीय गवर्नर दिमित्री मिल्यायेव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिजली की लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है और नोवोमोस्कोव्स्क शहर में एक अज्ञात औद्योगिक इकाई को नुकसान पहुंचा है। रूस के स्वतंत्र ऑनलाइन माध्यम एस्ट्रा ने अपनी खबर में कहा कि नोवोमोस्कोव्स्क में एक रासायनिक संयंत्र और एक जलविद्युत संयंत्र पर भी हमला हुआ और उनमें आग लग गई। अधिकारियों की ओर से भी इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने भी बताया कि राजधानी की ओर उड़ रहे 47 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि उन्होंने किसी प्रकार की जनहानि या क्षति की जानकारी नहीं दी।

Like us share us

Related Articles

Back to top button