
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने SCO शिखर सम्मेलन में कहा, भारत आए सभी अतिथियों का मैं स्वागत करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं।’
पीएम ने कहा, ‘ऐसे समय में जब दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चाएं हावी हैं, हम भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद और कनेक्टिविटी (संपर्क) पर चर्चा कर रहे हैं।’
प्रधानमंत्री ने बताया, ‘यह पहला SCO सभ्यता संवाद मंच (Civilisational Dialogue Forum) है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सांस्कृतिक संबंध वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी हैं। इससे इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ जाता है।’
पीएम मोदी ने विश्वास जताते हुए कहा, ‘मुझे विश्वास है कि यह मंच नए विचारों को प्रोत्साहित करेगा और सांस्कृतिक सहयोग के लिए नए अवसर पैदा करेगा। हमारे साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को एक-दूसरे के करीब लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’
दिल्ली का ‘पुराना किला’ सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हम इस समय दिल्ली के पुराना किला में हैं। यह ऐतिहासिक किला भारत की सांस्कृतिक विरासत का एक असाधारण हिस्सा है। इसका इतिहास उतना ही दिलचस्प है, जितनी इससे जुड़ी कहानियां हैं। आपने शायद इनके बारे में सुना या पढ़ा होगा।’
पीएम ने कहा, ‘इतने प्राचीन स्थल पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वैदिक मंत्रों का ओजपूर्ण उच्चारण, बौद्ध दर्शन पर प्रस्तुतियां और भगवान हनुमान की यात्रा का चित्रण, इन सबने भारत की संस्कृति की झलक दिखाई और मानवता के लिए प्रेम और एकता का संदेश भी दिया।’
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘ये भावनाएं, ये विचार और ये शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही सार्वभौमिक भी हैं। भौ-राजनीतिक सीमाओं से परे, ये हमें स्वाभाविक रूप से एक-दूसरे से जोड़ती हैं। यही इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य है, और आज के समय की यही मांग भी है।’
भारत की विरासत पर दिया जोर
पीएम मोदी ने वेदों को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए कहा, ‘भारत में, हम विविधता को स्वीकार करते हैं और उसका जश्न मनाते हैं। यह प्रेरणा हमें अपने वेदों से मिलती है। हमारे वेद कहते हैं… आइए हम सब मिलकर चलें, एक-दूसरे से संवाद करें, और हमारे विचार एक-दूसरे के साथ तालमेल में हों।’
पीएम ने आगे कहा, ‘हजारों वर्षों की अमूल्य विरासत हमारे देशों के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में सुरक्षित है। प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ पुस्तकें, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां हमारे आपसी संबंधों के कई पहलुओं को उजागर करती हैं।’



