लखनऊ (यूएनएस)। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, अगले दो साल में 50 हजार किसानों को सोलर पंप देंगे। इससे डीजल पंप से मुक्ति मिलेगी। किसानों को खेतों में पानी लगाने में आसानी होगी। आगरा में आलू शोध केंद्र बनने जा रहा है।

इससे आलू किसानों को मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर आगरा स्थित उनके पैतृक गांव बटेश्वर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने 148 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार से उत्तर प्रदेश में विकास हुआ है।
जिस वक्त हमने बागडोर संभाली थी तब यूपी की अर्थव्यवस्था देश में छठवें स्थान पर थी, अब उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। आज प्रदेश में सुशासन है। विकास के साथ गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ी है, हवाई सेवा शुरू हो रही हैं। 2017 में देश के पर्यटन में यूपी तीसरे स्थान पर था, आज कोई आसपास नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश कोअस्थिर सरकारों ने नुकसान पहुंचाया। स्थिर सरकारों की उपयोगिता पूर्व पीएम अटलजी ने समझाई।
उन्होंने कहा, पड़ोसी देश पाकिस्तान में अस्थिरता के कारण रोटी के लाले पड़े हैं जबकि हमारे प्रधानमंत्री मोदी पिछले साढ़े तीन साल से मुफ्त अनाज बांट रहे हैं। अटलजी ने मूल्यों, आदर्शों और प्रतिबद्धता से जनता की सेवा करना बताया। देश में विकास के बड़े कार्यक्रमों को लागू किया। पहले बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, किसान खेत पर नहीं जा पाते थे। विकास के पैसे का बंदर-बाट होता था। भगवान शिव के आशीर्वाद से यूपी की अर्थव्यवस्था को देश में नंबर एक करेंगे।सीएम योगी ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पावन जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जा रही है। अटलजी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। उन्होंने भारत को राजनीतिक अस्थिरता से उभारने का कार्य किया तथा देश की राजनीति में शुचिता और पारदर्शिता का एक आदर्श प्रतिमान सबके सामने रखा। आगरा का बटेश्वर उनकी पैतृक भूमि के रूप में जाना जाता है। यूपी से खास लगाव के कारण उन्होंने अपनी शिक्षा तथा कर्मभूमि के लिए उत्तर प्रदेश को चुना। सीएम सोमवार को लोक भवन स्थित अटलजी की प्रतिमा के सम्मुख रखे उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
विगत साढ़े 09 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित किये हैं। इसकी आधारशिला अटलजी ने अपने शासनकाल में रखी थी। जिन आदर्शों और मूल्यों के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, प्रदेश सरकार उन मूल्यों और आदर्शों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष अटलजी के जन्म शताब्दी वर्ष का प्रारम्भ भी है। उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने तथा समाज और राष्ट्र को नई दिशा प्रदान करने वाले उनके जीवन के प्रत्येक पहलू को प्रदर्शित करने के लिए आगामी 01 वर्ष की अवधि में अनेक कार्यक्रम होंगे।
अटलजी की साहित्यिक रुचि व पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान का स्मरण करने के लिए अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम ग्राम पंचायत से प्रदेश स्तर तक, बेसिक शिक्षा स्कूलों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य संस्थाओं में आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चैधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।मुख्यमंत्री ने आगरा-मथुरा के बीच हेलीपोर्ट सुविधा का शुभारंभ भी किया। अब पर्यटक हवाई यात्रा कर ब्रज दर्शन कर सकेंगे। उधर गोवर्धन में पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने बताया कि ये हेलीकॉप्टर सेवा गोवर्धन, मथुरा वृंदावन, आगरा के बीच रहेगी। 8 सीटर हेलीकॉप्टर से गिरिराज परिक्रमा भी की जा सकेगी।