राज्यमंत्री और जिलाध्यक्ष भाजपा ने किया संस्कृत विद्यालय का उद्घाटन


चित्रकूट। तीर्थक्षेत्र में संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध भी किया है। बस उनकी स्वीकृति की प्रतीक्षा है। ये बातें प्रदेश सरकार के पीडब्लूडी राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहीं।  

राज्यमंत्री मंगलवार को अमानपुर में हर्षित वेद संस्कार संस्कृत पाठशाला के उद्घाटन अवसर के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने बताया कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि तीर्थक्षेत्र में संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना हो, जिससे यहां से वेदभाषा के विद्वान निकलें और पूरी दुनिया में भारत का नाम करें। उन्होंने बताया कि वह इस संबंध में पहले भी सीएम योगी आदित्यनाथ से अनुरोध कर चुके हैं और जब मुख्यमंत्री वाल्मीकि आश्रम आए थे तो फिर उन्होंने इस संबंध में उनसे संस्कृत विवि की आयुर्वेद फैक्लटी के साथ स्थापना का अनुरोध किया था। आशा है कि सीएम उनकी इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा एक ऐसी भाषा है, जिसे पढ़कर छात्र प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह संयोग है कि आज ही भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी का जन्मदिन है, जिनका कहना है कि संस्कृत को जानने वाले को कंप्यूटर आना चाहिए और कंप्यूटर को जानने वाले संस्कृत आनी चाहिए। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने संस्कृत को वैज्ञानिक भाषा बताया। उन्होंने संस्कृत के कुछ उदाहरण देकर इस भाषा की समृद्धता का बखान किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक भी यह बात मान चुके हैं कि संस्कृत कंप्यूटर के लिए सबसे सुगम भाषा है। जितनी संस्कृत समृद्धशाली है, उतनी विश्व की दूसरी कोई भाषा नहीं। राज्यमंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष ने विद्यालय को शुभकामनाएं दीं और पूजा अर्चना कर इसका शुभारंभ किया। विद्यालय के संचालक लवकुश शास्त्री ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश गौतम, धर्मजीत उपाध्याय, प्रबंधक कृष्णा शास्त्री, आशीष पांडे, ओमदत्त पांडे, रंजन गौतम, प्राचार्य पंकज शास्त्री, सुधीर कुमार द्विवेदी, उल्लास श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंह पटेल, राजबहादुर प्रधान बरद्वारा, पुरुषोत्तम, अमित कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। कवयित्री हेमला श्रीवास्तव ने विद्यालय की प्रगति कामना को काव्यपाठ किया

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *