ताजा खबरेबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीय

इन दो राज्यों में विधानसभा चुनावों के मतगणना कार्यक्रम में हुआ बदलाव, अब 2 जून को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली (आरएनएस)। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की मतगणना कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया कि इन दोनों राज्यों में 4 जून को नहीं, बल्कि 2 जून को वोटों की गिनती होगी। लोकसभा चुनाव के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल को एक चरण में विधानसभा चुनाव भी होंगे।
आयोग ने कहा कि चूंकि दोनों विधानसभाओं का कार्यकाल 2 जून को समाप्त हो रहा है, इसलिए तारीख बदल दी गई है। हालांकि, अरुणाचल और सिक्किम के संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कार्यक्रम के संबंध में कोई बदलाव नहीं होगा। मालूम हो कि आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी संसदीय चुनावों के साथ विधानसभा चुनाव होने हैं।

अरुणाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार सैन ने कहा कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 30 मार्च है। सीईओ ने कहा कि 5 जनवरी 2024 तक राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 8,82,816 है, जिनमें 4,33,760 पुरुष और 4,49,050 महिलाएं हैं। राज्य की फोटो मतदाता सूची और मतदाता फोटो पहचान पत्र की कवरेज शतप्रतिशत है। सीईओ ने कहा कि पूरे राज्य में 2,226 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

Like us share us

Related Articles

Back to top button