Main StoriesPopularTrending Storiesउत्तर प्रदेशचुनावताजा खबरेबड़ी खबरराष्ट्रीय

राई और मयूर नृत्य से लखनऊ में हुआ PM मोदी का स्वागत, लोकसंस्कृति के रंगों में रंगी राजधानी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में शनिवार को राजधानी की सड़कें सांस्कृतिक रंगों और रोशनी से जगमगा उठीं। दीक्षा समारोह में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सड़क के दोनों ओर बिजली की झालरों से आकर्षक सजावट की गई थीं। रोशनी से नहाए शहर में लोककलाओं की छटा ने स्वागत को यादगार बना दिया।

प्रधानमंत्री के काफिले के स्वागत के लिए एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के विद्यार्थी भी पूरे उत्साह के साथ सड़क किनारे कतारबद्ध खड़े रहे। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के आगमन का बेसब्री से इंतजार था। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला वहां से गुजरा, विद्यार्थियों ने तिरंगा लहराकर उनका अभिवादन किया।

मोदी-मोदी और भारत माता की जय के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान पारंपरिक लोकसंस्कृति को दर्शाते कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुंदेलखंड के झांसी से आई राधा प्रजापति और उनके 15 सदस्यीय दल ने राई नृत्य की प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि राई बुंदेलखंड की प्रमुख लोकनृत्य शैली है, जिसमें ढोलक, नगड़िया और मंजीरे की थाप पर नृत्यांगनाएं तेज गति से गोलाकार घूमते हुए मनमोहक भाव-भंगिमाएं प्रस्तुत करती हैं।

मथुरा की प्रियंका और उनके दल ने मयूर नृत्य के माध्यम से ब्रज की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। राधा-कृष्ण की भक्ति और प्रकृति के सौंदर्य को दर्शाता यह नृत्य खास आकर्षण का केंद्र रहा। सोनाली कौशल और दीक्षा सहित अन्य कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

Like us share us

Related Articles

Back to top button