
पीएम मोदी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया। मेट्रो यात्रा के दौरान उन्होंने बच्चों और अन्य यात्रियों से बातचीत की। एसआरसीसी से प्रधानमंत्री का पुराना जुड़ाव भी रहा है और करीब 13 वर्ष पहले उन्होंने संस्थान का दौरा किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए मेट्रो में यात्रा की। दिल्ली मेट्रो में सवारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने साथ में यात्रा करने वाले बच्चों से बातचीत की। इससे पहले वे 13 साल पहले एसआरसीसी पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, ”कुछ ही देर में शाम सात बजे मैं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में इसके शताब्दी समारोह में शामिल होने पहुंचूंगा। इस कॉलेज ने वर्षों के दौरान खुद को विशिष्ट बनाया है। इसने शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थान निर्माण और कारोबार, सार्वजनिक जीवन तथा समाज में नेतृत्व करने वाली कई पीढ़ियों को तैयार करने के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।”

श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स भारत के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में से एक है। यह वाणिज्य, अर्थशास्त्र और प्रबंधन के क्षेत्र में अध्ययन का एक प्रतिष्ठित केंद्र है। प्रधानमंत्री मोदी का एसआरसीसी का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी युवा पीढ़ी तक अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास कर रही है। पीएम मोदी ने इससे पहले 2013 में एसआरसीसी का दौरा किया था। उस समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे।
इस साल अप्रैल में प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर कॉलेज के शासी निकाय और एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। यह मुलाकात संस्थान की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुई थी। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने एक विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया था।



