Main Storiesउत्तर प्रदेशताजा खबरेबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीय

UP व‍िधानसभा में शोक प्रस्‍ताव के दौरान घनघनाया BJP MLA का फोन..!

 लखनऊ। विधान सभा में मंगलवार को बरेली के फरीदपुर के विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल और सोनभद्र की दुद्धी के विधायक विजय सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। दोनों नेताओं के योगदान को याद करते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। विधान सभा में नेता सदन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रस्ताव रखा। सभी दलों के नेताओं ने दोनों दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी और कुछ क्षण मौन रखकर नमन किया।

प्रो. श्याम बिहारी लाल का निधन दो जनवरी को हुआ था। वह फरीदपुर विधान सभा सीट से लगातार दो बार निर्वाचित हुए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. श्याम मिलनसार, शिक्षित और जमीन से जुड़े नेता थे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया और अपने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से पार्टी और प्रदेश ने एक कुशल नेता खो दिया है। दुद्धी के विधायक विजय सिंह का निधन आठ जनवरी को हुआ था। वह आठ बार विधान सभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे और 1980 से राजनीति में सक्रिय रहे। वह जनजातीय समाज की सशक्त आवाज माने जाते थे। मुलायम सिंह मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री रहे विजय सिंह विभिन्न आंदोलनों में भाग लेने के कारण जेल भी गए थे। मुख्यमंत्री ने विजय सिंह को वरिष्ठ और अनुभवी जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वह जनजातीय समाज की सशक्त आवाज थे और जंगल, जमीन व जनहित के अधिकारों को सदैव प्राथमिकता देते रहे।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि प्रो. श्याम बिहारी के निधन से विधान सभा उनके ज्ञान और अनुभव से वंचित हो गई है। उन्होंने विजय सिंह को याद करते हुए कहा कि वह 1980 में सदन में चुनकर आए थे और राजनीतिक चमक-दमक से दूर रहते थे। पांच बार के विधायकों के सम्मान समारोह में भाग न लेकर उन्होंने सादगी और सिद्धांतों की मिसाल पेश की थी। अपना दल के राम निवास वर्मा ने दोनों विधायकों के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

रालोद के राजपाल सिंह बालियान ने दोनों के निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दोनों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। निषाद पार्टी के अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सदन ने अपने दो सदस्यों को असामयिक रूप से खो दिया है और पूरा सदन श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि दोनों के योगदान को याद करते हुए नमन किया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के विनोद सरोज ने भी दोनों के कार्यों को याद कर श्रद्धांजलि दी। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि पूरा सदन शोकाकुल है और सदन की ओर से दोनों परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रेषित की जाएंगी। शोक प्रकट करने के साथ ही विधान सभा बुधवार 11 बजे तक के लिए स्थगित हो गई।

रिंग बजने पर भाजपा विधायक का मोबाइल जब्त

बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल का मोबाइल फोन बजने पर नाराजगी जताई। दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि देते समय इनका मोबाइल बजा था। विधान सभा अध्यक्ष ने तत्काल सुरक्षा कर्मी को बुलाकर विधायक का मोबाइल जब्त कराया। विधान सभा की कार्यवाही खत्म होने के बाद माफी मांगने पर अध्यक्ष ने उनका मोबाइल फोन वापस कराया।

Like us share us

Related Articles

Back to top button