
चंडीगढ़ । उत्तराखंड में मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार पर्यटकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार उत्तरकाशी से लौट रहे पर्यटकों की मारुति सिलेरियो कार (डीएल 5सी4610) कोल्हूखेत के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ढलान पर कार के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि वाहन तेज गति से नियंत्रण खो बैठा और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार कार में चार लोग सवार थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, 19 वर्षीय मनीत, 48 वर्षीय सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद तथा 46 वर्षीय संगीता पत्नी टीटू निवासी करोल बाग, दिल्ली के रूप में हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर झड़ीपानी के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से पर्यटकों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



