उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को कौशांबी पहुंचे। यहां उन्होंने एक दिन पहले सोमवार को बिहार विधानसभा में हुए बवाल को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक व निंदनीय घटना बताया। कहा कि बिहार और यूपी में जो हो रहा है और लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। एक मुख्यमंत्री यह कहते हैं कि ठोक दो, सोचिए मुख्यमंत्री की यह भाषा है तो पुलिस क्या करेगी? कानून व्यवस्था की हालात बेहद खराब है।

इससे पहले अखिलेश यादव सोशल मीडिया के जरिए भी बिहार विधानसभा में हुए बवाल पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा में सशस्त्र बलों द्वारा विधायकों पर हमला आपराधिक कृत्य है। सड़क पर बेरोज़गार युवाओं पर भी जो हमले हुए वो दिखाते हैं कि सत्ता मिलने के बाद भाजपाई सरकारें जनता को क्या समझती हैं? बिहार में लोकतंत्र पर कातिलाना हमला हुआ है।

लाल टोपी खेल ऐसा कि सांड भी भाग जाता है
अखिलेश यादव कौशांबी में करारी कस्बा स्थित पार्टी के नेता व पूर्व चेयरमैन मौला बक्स की बेटी की शादी में शिरकत करने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का हुजूम और उत्साह देख अखिलेश यादव खुद को रोक नहीं सके। उन्होंने कहा कि लाल टोपी का खेल ऐसा है कि सांड खेत में लाल कपड़ा देख भाग जाता है।

पंचायत चुनाव पर सरकार की मंशा साफ नहीं

पंचायत चुनाव के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यूपी सरकार की मंशा साफ नहीं है। यही कारण है चुनाव हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के चक्कर लगा रहा है। उन्हें देश की सर्वोच्च अदालत पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि यूपी में पुलिस की 100 नंबर की व्यवस्था का नाम बदल पर 112 कर दिया देखिये क्या हाल हो गया है? स्वास्थ्य की हालत बेहद खराब है।

IPS को ईमानदारी की सजा मिली

प्रदेश के तीन IPS अफसरों को अनिवार्य सेवा निवृति दिए जाने के मामले पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार को आड़े हाथो लेते हुए कहा है कि ईमानदारी की ऐसी सजा मिलेगी जो किसी ने सोची भी नहीं होगी।

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *