Uncategorized

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत तहसील हसनगंज में पिंक तहसील दिवस का आयोजन, महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति किया गया जागरूक

आज दिनांक 17.10.2026 को मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत जनपद उन्नाव की तहसील हसनगंज में पिंक तहसील दिवस (संपूर्ण समाधान दिवस) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मा० विधायक श्री बंबालाल दिवाकर, जिलाधिकारी उन्नाव श्री घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव श्री जय प्रकाश सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने तहसील दिवस में उपस्थित फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा सशक्तिकरण को प्राथमिकता प्रदान करते हुए हसनगंज सर्किल के समस्त थानों के मिशन शक्ति केन्द्रों द्वारा तहसील परिसर में संयुक्त रूप से महिला हेल्प डेस्क का स्टॉल लगाया गया। स्टॉल के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी समस्याएं निर्भीक होकर रखने, महिला संबंधी शिकायतों पर की जाने वाली पुलिस कार्रवाई तथा सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। जिलाधिकारी उन्नाव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव ने महिला पुलिस कर्मियों के साथ उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, सम्मानजनक जीवन, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन *1090, आपातकालीन पुलिस सेवा **112, महिला हेल्पलाइन **181, साइबर हेल्पलाइन *1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 प्रमुख रहे। महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा अन्य समस्या उत्पन्न होने पर वे बिना किसी संकोच के संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी उन्नाव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव द्वारा छोटे बच्चों के साथ तहसील परिसर में आई महिलाओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही मातृ एवं शिशु देखभाल के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेबी केयर प्रोडक्ट भी प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ मातृत्व एवं शिशु देखभाल के महत्व को भी प्रोत्साहित किया गया।

पिंक तहसील दिवस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना तथा उन्हें पुलिस एवं प्रशासन से सहज रूप से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना रहा। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत उन्नाव पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा सशक्तिकरण हेतु निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके रिपोर्टर स्वाती पाण्डेय

Like us share us

Related Articles

Back to top button