Main Storiesnewsnews nTrending Storiesउत्तर प्रदेशचुनावताजा खबरेबड़ी खबरराजनीतिराष्ट्रीय

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, 17 और 24 अक्टूबर को पूरे यूपी में लगेंगे विशेष कैंप.

 विधान सभा चुनाव की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे नागरिकों के साथ ही पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के लिए प्रदेशभर में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

मौजूदा मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर मतदाता पंजीकरण के लिए कैंप में ही फॉर्म-छह भरकर आवेदन कर सकेंगे। सभी बूथों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक लगने वाले कैंप में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद से ही मतदाता पंजीकरण का अभियान चल रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया है कि विशेष अभियान के दौरान कैंप में फॉर्म-छह उपलब्ध कराए जाएंगे। आवेदन करने वालों को फॉर्म भरने के साथ फोटो और जन्मतिथि तथा पते से संबंधित दस्तावेज देना होगा।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्थापित हेल्प डेस्क से लोगों को फार्म-छह भरने और पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता मिलेगी। कैंपों के फोटो और वीडियो जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए जाएंगे।

उन्होंने बताया है कि कैंपों की प्रभावी निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी बूथों का निरीक्षण करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी संबंधित विधान सभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे।

इसके अलावा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी कैंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को प्रत्येक बूथ पर कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।

Like us share us

Related Articles

Back to top button