
समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां की जेल से रिहाई के बाद उनके स्वागत को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जमानत का अर्थ बेगुनाही नहीं होता। न्यायालय के फैसले का सम्मान है, लेकिन इससे आरोप समाप्त नहीं हो गए।
मौर्य ने इंटरनेट मीडिया पर लिखी पोस्ट में अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए पूछा है कि हो सकता है कि उन्हें याददाश्त का संकट हो। इसलिए उन्हें याद दिलाना जरूरी है कि उनकी वोट बैंक की राजनीति, रामभक्तों पर गोली चलवाने, दंगों, अपराधियों को संरक्षण देने, ध्वस्त कानून व्यवस्था, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को जनता नहीं भूली है।
लिखा कि भारत मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और बाबासाहेब को भू-माफिया बताने और जौहर विश्वविद्यालय के नाम पर जमीन कब्जाने के आरोपों का सामना करने वालों का बचाव करने वालों से जनता जवाब मांगने के लिए तैयार है।
मौर्य ने पोस्ट में कहा कि आजम को सिर्फ जमानत मिली है। जमानत का अर्थ बेगुनाही कदापि नहीं होता। उप्र की जनता गुंडाराज, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की वापसी नहीं चाहती। वर्ष 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प अटल है।
मीडियाकर्मियों से बातचीत में मौर्य ने कहा कि अब उप्र न दंगा प्रदेश बनेगा और न गुंडा प्रदेश। अपराधियों को छूट नहीं मिलेगी। अपराध, भ्रष्टाचार और कानून का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने नारा दिया- राधे-राधे, कमल खिला दे।



