Main Storiesअपराधताजा खबरेबड़ी खबर

ED की बड़ी कार्रवाई, विंजो और उसकी सहयोगी कंपनी की 590 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त

नई दिल्ली (आरएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन गेमिंग कंपनी विंजो प्राइवेट लिमिटेड और उसकी सहयोगी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड की करीब 590 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर ली है। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून के तहत नियमों के उल्लंघन के कारण की गई है। ईडी के बेंगलुरु जोनल ऑफिस ने कंपनी के बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड बॉन्ड जैसी वित्तीय संपत्तियों को जब्त किया है। जांच में पाया गया कि ये संपत्तियां विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून के नियमों के खिलाफ रखी गई थीं।

जांच में सामने आया कि विंजो ऑनलाइन रियल मनी गेम्स और जुआ से जुड़े 100 से अधिक गेम संचालित कर रही थी। कंपनी का दावा है कि उसके करीब 25 करोड़ यूजर्स हैं। कंपनी ने विदेश में अपनी सहयोगी कंपनियों, जैसे विंजो यूएस आईएनसी (अमेरिका) और विंजो एसजी पीटीई लिमिटेड (सिंगापुर), में करीब 492 करोड़ रुपए (लगभग 54 मिलियन डॉलर) का निवेश किया था।

ईडी की जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आए। विदेश में बनाई गई कंपनियों के पास वहां कोई कर्मचारी या वास्तविक ऑफिस नहीं था। इन कंपनियों का पूरा संचालन भारत से ही किया जा रहा था। विदेश में जमा पैसा जुआ और रियल मनी गेम्स जैसी प्रतिबंधित गतिविधियों से कमाया गया था। कंपनी ने विदेशी निवेश के नाम पर पैसा विदेश में रखा, जो नियमों का उल्लंघन है। जांच में सामने आया है कि इन सभी कंपनियों का संचालन भारत से हो रहा था।
जांच में पाया गया कि विदेश की कंपनियों के बैंक खाते, अकाउंटिंग और रोजमर्रा के फैसले भारत से ही लिए जा रहे थे। सिंगापुर की कंपनी भारत की कंपनी से गेम का लाइसेंस शुल्क ले रही थी। ईडी के अनुसार, विदेशी सहयोगी कंपनियां ऐसे गेम चला रही थीं जो भारतीय कानून के तहत प्रतिबंधित हैं। इसके बावजूद कंपनी ने विदेश में निवेश जारी रखा और वहां भी कमाई की। ईडी ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और भविष्य में और भी कार्रवाई हो सकती है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button