Main StoriesnewsPopularRecommendedtechnologyTrending Storiesउत्तर प्रदेशटेक्नोलॉजीताजा खबरेबड़ी खबरराष्ट्रीय

बोइंग-777 की लैंडिंग से खुला सीधे यूरोप का रास्ता, लखनऊ एयरपोर्ट पर पहली बार उतरा बड़ा विमान

 चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डीजीसीए की अनुमति के बाद मंगलवार सुबह 3:40 बजे पहली बार सऊदिया एयरलाइंस के विशालकाय बोइंग-777 (300) जैसे विमान ने लैंडिग के साथ संदेश दिया कि यहां से यूरोप के कई देशों तक सीधी विमान सेवा शुरू हो सकेगी।

दरअसल, एयरपोर्ट का छोटा रनवे लंबी उड़ान के लिए बाधा था, लेकिन पिछले वर्ष ही रिकारपेटिंग और चौड़ाई बढ़ाकर लखनऊ एयरपोर्ट ने इस भारी-भरकम जंबो जेट को पूरी क्षमता के साथ उतारकर अपनी तकनीकी क्षमता साबित कर दी। 430 यात्रियों के साथ उतरा विमान 300 यात्रियों को लेकर सुबह 5:20 बजे रवाना हो गया।

पांच साल पहले शुरू हुई थी लखनऊ से दुबई होकर लंदन की उड़ान

लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 2744 मीटर है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत बड़े विमानों की पूरी क्षमता (यात्रियों की संख्या, लगेज और ईंधन का भार मिलाकर) लैंडिंग के लिए 3500 मीटर लंबे रनवे की जरूरत है। कानपुर रोड की ओर रनवे की लंबाई को विस्तार देने का प्रस्ताव पिछले आठ साल से लंबित है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कई मौकों पर अमेरिका और यूरोप के कई देशों के लिए लखनऊ से विमान सेवा शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं। लखनऊ से अधिकांश एयरबस श्रेणी के विमानों का ऑपरेशन होता है, जो लंबी दूरी की उड़ान भरने में सक्षम नहीं हैं।

इत्तेहाद एयरलाइन के साथ मिलकर लखनऊ से दुबई होकर लंदन की उड़ान करीब पांच साल पहले शुरू हुई थी, हालांकि इसे भी बाद में बंद करना पड़ा था। लखनऊ से यात्रियों को दिल्ली और मुंबई जाकर यूरोप के देशों की यात्रा करना पड़ता है।

इसलिए सक्षम हो सका लखनऊ एयरपोर्ट

पिछले साल ही लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे की रिकारपेटिंग की गई थी। रनवे की चौड़ाई को बढ़ाकर 45 मीटर किया गया था। ऐसे में बोइंग-777 श्रेणी के विमान के पंख के लिए रनवे पर पर्याप्त जगह मिल सकती है।

बिजनौर की ओर से रनवे का पूरा इस्तेमाल कर सऊदी अरबिया एयरलाइंस के विमान ने लैंडिंग की। अब बोइंग-787 ड्रीमलाइनर और एयरबस ए 350 जैसे बड़े विमानों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

29 की उड़ान पर रोक

डीजीसीए की अनुमति से बोइंग -777 सोमवार रात को लखनऊ उतरा लेकिन उसकी 29 अक्टूबर की उड़ान पर रोक लग गई है। डीजीसीए ने 29 अक्टूबर की बोइंग -777 श्रेणी के विमान की लैंडिंग की अनुमति सऊदी अरबिया एयरलाइंस को नहीं दी है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button