
जिलाधिकारी उन्नाव श्री घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव श्री जय प्रकाश सिंह के कुशल निर्देशन में जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 17.10.2026 को सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील पुरवा में पिंक तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृति राज द्वारा तहसील पुरवा में आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत पिंक तहसील दिवस के अवसर पर पुरवा सर्किल के समस्त थानों के मिशन शक्ति केन्द्रों द्वारा तहसील परिसर में महिला हेल्प डेस्क के स्टॉल लगाया गया, जहां महिला पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, सम्मान, स्वावलंबन एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री कृति राज मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव व श्री दिग्विजय सिंह उपजिलाधिकारी पुरवा एवं थानों की मिशन शक्ति टीम द्वारा मिशन शक्ति स्टाल मे छोटे बच्चों के साथ आई महिलाओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा मातृ एवं शिशु देखभाल के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेबी केयर प्रोडक्ट भी प्रदान किए गए। पिंक तहसील दिवस के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी समस्याएं निर्भीक होकर रखने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। रिपोर्टर स्वाती पाण्डेय


