Travelताजा खबरे

Himachal Accident: लाहौल में चलती गाड़ी पर गिरी चट्टान, 13 लोगों की दबकर मौत.

हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति के संसारी-किलाड़-तिंदी-थिरोट सड़क पर शुक्रवार दोपहर एक टाटा सूमो टैक्सी पर पहाड़ी से भारी चट्टान गिर गई। इसमें सवार सभी 13 लोगों की गाड़ी में ही दबकर मौत हो गई। कडूनाला और श्योर के बीच गोरना के पास शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे के आसपास यह हादसा हुआ। टैक्सी नंबर टाटा सूमो में सभी लोग कुल्लू से लाहौल होते हुए चंबा के पांगी जा रहे थे। रास्ता बंद होने के कारण गुरुवार को तिंदी में रुके थे। शुक्रवार जब रास्ता बहाल हुआ तो वाहन पांगी की ओर बढ़ा लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। बता दें, गाड़ी में सवार एक व्यक्ति चट्टानें गिरने के डर से हादसा स्थल से 100 मीटर पहले ही उतर गया था।

चालक व सवारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला
पुलिस के मिली सूचना के अनुसार टाटा सूमो (एचपी-01एम-2210) में चालक सहित 13 लोग सवार थे। शुक्रवार को जैसे ही सवारियों से भरी टैक्सी तिंदी से पांगी की तरफ निकली तो गोरना के पास पहुंचने पर एकाएक पहाड़ी से भारी चट्टानें गिर गईं और पूरी गाड़ी चट्टानों के नीचे दब गई। हादसा इतना खतरनाक था कि चालक व सवारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पलभर में वाहन मलबे में दब गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया गया।

बीआरओ की मशीनों से मलबा हटाकर वाहन से सभी शवों को बाहर निकाला गया। कुल 13 मृतकों में एक छह माह की बच्ची भी शामिल है। इसके अलावा हादसे में सात पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। इसमें मां-बेटी, पिता-पुत्र, पति, पत्नी की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे पांगी और उदयपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने कहा कि सड़क हादसे में छह माह के एक बच्ची सहित 13 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

Like us share us

Related Articles

Back to top button