newsउत्तर प्रदेशचुनावताजा खबरेबड़ी खबर

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का दावा, जनता देगी भाजपा सरकार की बुलडोजर कार्रवाई का जवाब

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में बुलडोजर कार्रवाई पर योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथ लिया है। सपा मुखिया ने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सारे नुकसान की भरपाई की जाएगी।

अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आए 11 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने अयोध्या के प्रकरण के बाद एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा “जिससे मिट जाएं मासूमों के घर, क्या रामजी को भाएगा ऐसा पथ”।

उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार ने जिस तरह राम मंदिर निर्माण के नाम पर अयोध्या को लूटा, भूमि घोटाले किये, लोगों के घर गिराये, खेतों तक को हड़प लिया परंतु सही मुआवजा नहीं दिया उसकी वजह से अयोध्या के लोगों ने लोकसभा में भाजपा को बुरी तरह हराया और किसानों ने सरयू के पानी में उतरकर जनेऊ पकड़कर ली गई ‘भाजपा को हराने’ की अपनी शपथ को सच कर दिखाया।

सपा प्रमुख ने लिखा कि उसके बाद राम मंदिर में चोरी पकड़े जाने के बाद जिस प्रकार ‘अयोध्यावासियों ने भाजपा और उनके संगी-साथियों के विरोध में एकजुटता दिखाई है, उसी का बदला लेने के लिए भाजपा सरकार ‘राम पथ’ के नाम पर अयोध्या के हर समाज के लोगों के घर बिना किसी नोटिस, मुआवज़े और रहने-खाने की वैकल्पिक व्यवस्था किये बगैर ही गिरा रही है। ये निर्दयता की हद है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या की रोती-बिलखती-दुखी महिलाएं और बच्चियां, अब किसके भरोसे पर असुरक्षित माहौल में दिन-रात गुजारेंगी। ‘नारी को केवल नारा बनानेवाली’ भाजपा सरकार का महिला आयोग अब कहां है। जिनके अपने घर-परिवार नहीं हैं वो ही इतने हृदयहीन व निष्ठुर हो सकते हैं कि लोगों के घर तोड़कर उन्हें सड़क पर ले आएं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि बुलडोजर कार्रवाई में जिन लोगों के घरों, दुकानों और सामान को नुकसान पहुंचा है, सरकार को उसकी भरपाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा सरकार नुकसान की भरपाई नहीं करती है तो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीड़ित परिवारों को उनके नुकसान की भरपाई की जाएगी।

‘घर में लगी चीजें निकालने का मौका तक नहीं दिया’

सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने लोगों के मकान और दुकानें बुलडोज कर दीं। गरीबों के प्रति सरकार का रवैया उदार होना चाहिए, क्योंकि उनके मकान में उनकी पूरी पूंजी लगी होती है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले लोगों को घर में रखा सामान निकालने का मौका दिया जाना चाहिए था। अखिलेश ने कहा कि लोगों को अपना सामान निकालने नहीं दिया गया और उसे बुलडोजर में भरकर कहीं ले जाया गया। उन्होंने कहा कि वह प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर घर, मकान और सामान समेत जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी।

बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों ने साझा की पीड़ा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित महिलाओं ने भी अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद अखिलेश यादव ने उन लोगों के नाम और उनकी संपत्तियों का विवरण साझा किया, जिनकी संपत्तियां बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित हुई हैं।

अबकी बार भाजपा जाएगी, फिर कभी नहीं आएगी

सपा प्रमुख ने कहा फिल्मों में घरों को उजाड़ने का जो काम खलनायक करते हैं, असल जिंदगी में वही तोड़-फोड़ और लोगों को प्रताड़ित करके उन्हें तड़पाने और रुलाने का निर्मम-निर्दयी पाप और जुल्म और सितम भाजपाई कर रहे हैं। जनता के लिए भाजपाई खलनायक बन गये हैं। अबकी बार भाजपा जाएगी, फिर कभी नहीं आएगी।

‘जनता मताधिकार से सरकार को करेगी बुलडोज’

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने कहा कि जनता अपने वोट की ताकत से इस सरकार को हमेशा-हमेशा के लिए बुलडोज कर देगी।

Like us share us

Related Articles

Back to top button