
गृहमंत्री अमित शाह द्वारा भाजपा को यूपी में ”अंगद का पांव’ कहने के बाद पार्टी ने चुनावी टॉप गियर लगा दिया है। काशी और अयोध्या के बाद जहां पार्टी मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि को चुनावी मुद्दा बनाएगी, वहीं पार्टी यूथ-बूथ, विकास, सुरक्षा, सुशासन और सम्मान को एजेंडे में ऊपर रखकर हर वर्ग तक पहुंचेगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान ”अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी” और ”अखिलेश आएं मथुरा में कार सेवा करें” से साफ है कि पार्टी हार्डकोर हिंदुत्व का तार छेड़कर मथुरा को चुनावी शक्तिपीठ बनाएगी।
जिला मुख्यालय से 25 किमी. दूर गोवर्धन स्थित दीनदयाल गो ग्राम परखम में आयोजित दो दिवसीय योजना बैठक के परिसर को ”भगवान कृष्ण की नगरी में स्वागत है”, ”मिशन -2027” और ”मैं ही कमल हूं। मुझमें हैं श्यामा प्रसाद, मैं ही अटल हूं” और ”पांच क हैं भाजपा के मंत्र” लिखे होर्डिंगों से सजाया गया था। सोमवार को बैठक में पहले सत्र में भाजपा शासित राज्यों से आने वाले प्रवासियों के प्रबंधन पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए प्रभावी टीम उतारनी होगी। यह बड़ा वोट बैंक है, जिसमें काफी गुंजाइश है।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सुरक्षा, सम्मान और विकास में बेहतर कार्य किया है, जिसे हर वर्ग तक पहुंचाने और इसे चुनावी मुद्दा बनाने की अवश्यकता है। तीसरी बार सत्ता अत्यंत जरूरी है, इसलिए हर गिला-शिकवा भुलाकर हर हाल में जीत के लिए जमीन मजबूत करनी होगी। 28 नवंबर को मथुरा में गोवंशी संरक्षण के कार्यक्रम में एक मंच पर 5 मुख्यमंत्रियों को उतारने की रणनीति को लेकर भी मंथन किया गया।
मंत्रियों को अपने क्षेत्रों में दो दिन रात्रि विश्राम करने और अधिकारियों साथ कार्यकताओं को बिठाकर समस्याओं के निस्तारण करने के लिए कहा गया है।
दो सत्रों में आयोजित बैठक में यूजीसी, आरक्षण, जेन जी, राम मंदिर चंदा चोरी जैसे विषयों पर रणनीति बनाई गई। मतदाता सूची में कटे नामों को एक माह में युद्धस्तर पर अभियान चलाकर जोड़ने के लिए कहा गया।
केशव मौर्य ने कहा कि पिछले दो विधानसभा चुनाव के बीच मतों के आंकड़ों को लेकर भी सक्रिय होने की जरूरत है। पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि मथुरा में बैठक के मायने इसलिए भी ज्यादा हैं, क्योंकि कृष्ण जन्म भूमि का विषय भाजपा के एजेंडे में सबसे ऊपर है। पार्टी के वैचारिक पितृ पुरुष दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली है। वहीं मथुरा पर दिल्ली की सीधी नजर रहती है। वर्ष 2014 से अब तक भाजपा ब्रज क्षेत्र में सबसे ज्यादा मजबूत रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी इस क्षेत्र में अपेक्षाकृत पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहा था।



