Main StoriesnewsRecommendedTrending Storiesउत्तर प्रदेशचुनावताजा खबरेबड़ी खबरराजनीतिराष्ट्रीय

SIR के बाद यूपी में बढ़े 18.84 लाख वोटर, कुल संख्या 13.58 करोड़ के पार; महिला मतदाताओं की भागीदारी में बड़ा उछाल

 विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद प्रदेश की मतदाता सूची में 18.84 लाख मतदाताओं की वृद्धि हुई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के लिए आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची जारी कर दी। इसके अनुसार प्रदेश में अब कुल 13.58 करोड़ मतदाता हैं।

हालांकि, अनुमानित जनसंख्या के आधार पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की संख्या 16.16 करोड़ से अधिक है। इस लिहाज से अभी भी 2.58 करोड़ का अंतर बना हुआ है। एसआइआर के बाद इस वर्ष 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में करीब 13.40 करोड़ मतदाता थे। इसके मुकाबले मंगलवार को जारी ड्राफ्ट सूची में 18,84,113 मतदाता बढ़े हैं।

पिछले सात महीने में महिला मतदाताओं की संख्या में पुरुषों के मुकाबले अधिक वृद्धि हुई है। इनकी संख्या में 10.96 लाख बढ़ोतरी हुई है। इससे मतदाता सूची में जेंडर रेशियो भी 834 से बढ़कर 840 हो गया है। यानी अब प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर 840 महिला मतदाता हैं। वहीं, ईपी रेशियो 55.17 से बढ़कर 55.95 हो गया है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में कमी आई है। एसआइआर की अंतिम मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के 17.63 लाख मतदाता थे, जबकि नई सूची में इनकी संख्या घटकर 11.83 लाख रह गई है।

इस प्रकार 5.80 लाख युवा मतदाता कम हुए हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि इनमें से बहुत सारे युवाओं की उम्र 19 वर्ष से अधिक हो गई है। अनुमानित जनसंख्या के अनुसार इस आयु वर्ग के संभावित मतदाताओं की संख्या 84.47 लाख है।

16 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे फार्म-6 भरकर जुड़वा सकेंगे। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाता फार्म-6ए भर सकते हैं। मतदाता सूची में शामिल किसी नाम को हटाने के लिए फार्म-7 और निवास स्थान बदलने, विवरण में संशोधन, ईपीआइसी बदलवाने अथवा दिव्यांग के रूप में चिह्नांकन के लिए फार्म-8 भरना होगा।

पंचायत और निकाय की सूची से मतदाताओं का मिलान किया जाएगा। राशन की दुकानों पर राशन कार्ड में पंजीकृत लाभार्थियों में से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा।

दावे और आपत्तियां बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा की जा सकती हैं। इसके अलावा ईसीआइनेट मोबाइल एप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल (voters.eci.gov.in) से आनलाइन आवेदन किया जा सकता है। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

चार दिन सभी बूथों पर विशेष अभियान

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों को ठीक कराने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बीएलओ अपने बूथ पर मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में आवेदन फार्म के साथ उपस्थित रहेंगे।

इसके अतिरिक्त 20 नवंबर तक बीएलओ और उनके सुपरवाइजर अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची की त्रुटियों, विसंगतियों, दोहरी प्रविष्टियों, मृतक और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम तथा धुंधली फोटो की पहचान करेंगे। ऐसी त्रुटियों के सुधार के लिए संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 भरवाया जाएगा।

युवाओं और महिलाओं पर विशेष फोकस

आयोग ने युवाओं और महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के लिए भी विशेष अभियान चलाने को कहा है। स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से 18-19 वर्ष के युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास होगा।

एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड तथा नेहरू युवा केंद्र के को-आर्डिनेटर और वालंटियर भी इसमें सहयोग करेंगे। महिला मतदाताओं के पंजीकरण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद ली जाएगी। सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के औद्योगिक संस्थानों, आरडब्ल्यूए, अधिवक्ता संगठनों, श्रमिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों और चिकित्सक संगठनों से भी सहयोग लिया जाएगा।

403 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी करेंगे दावों का निस्तारण

प्रदेश में 403 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी और 2,042 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी तैनात हैं। यह दावे और आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची दे दी गई है। राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई है।

शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश पहले स्थान पर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल पर 11 अप्रैल से 16 नवंबर के बीच प्रदेश में कुल 66,698 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 66,091 यानी 99 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण किया गया है। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और शिकायतों के लिए प्रदेश स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1950 तथा राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1950 पर काल कर सकते हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची का तुलनात्मक चार्ट

मतदाताओं की श्रेणीएसआइआर के बाद अंतिम सूची (10 अप्रैल)एसएसआर ड्राफ्ट सूची (17 नवंबर)अंतर (बढ़ोतरी / कमी)
कुल मतदाता13,39,84,79213,58,68,905+18,84,113
पुरुष7,30,71,0617,38,58,510+7,87,449
महिला6,09,09,5256,20,06,353+10,96,828
तृतीय लिंग4,2064,042-164
18-19 वर्ष के मतदाता17,63,36011,83,352-5,80,008
जेंडर रेशियो834840+6
ईपी रेशियो55.1755.95+0.78

मुख्य बिंदु:

  • कुल बढ़ोतरी: 18,84,113 मतदाता
  • पुरुष मतदाता: 7,87,449 बढ़े
  • महिला मतदाता: 10,96,828 बढ़ीं
  • तृतीय लिंग: 164 घटे
  • 18-19 वर्ष आयु वर्ग: 5,80,008 घटे
Like us share us

Related Articles

Back to top button